Vijay Hazare Trophy: बड़ा ऐलान! विजय हजारे ट्रॉफी में फिर उतरेंगे विराट कोहली, 6 जनवरी को खेला जायेगा अगला मुकाबला

2 Min Read

Vijay Hazare Trophy

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में खेलते नजर आएंगे। दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कोहली टूर्नामेंट में एक और मैच खेलेंगे। यह मुकाबला 6 जनवरी को बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रेलवे की टीम के खिलाफ होगा।

विराट कोहली की बेहतरीन पारी

विराट कोहली ने इस सीजन विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से अब तक दो मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 200 से अधिक रन बनाए। एक मैच में उन्होंने 131 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि दूसरे मुकाबले में 77 रन बनाए। उनके इस प्रदर्शन से दिल्ली को अहम जीत भी मिली है। बीसीसीआई की ओर से सेंट्रली कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ियों को कम से कम दो मैच खेलने का निर्देश दिया गया था, जिसे कोहली ने पूरा कर लिया है, लेकिन वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी घरेलू वनडे सीरीज की तैयारी के लिए एक और मैच खेलना चाहते हैं।

रोहन जेटली ने बताया

रोहन जेटली ने बताया कि विराट कोहली ने टूर्नामेंट में तीन मैचों के लिए अपनी उपलब्धता दी थी। वहीं, बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम 8 जनवरी तक वडोदरा में इकट्ठा हो सकती है और कोहली एक दिन पहले पहुंचकर अभ्यास शुरू कर सकते हैं। यह सीरीज 11 जनवरी से शुरू होनी है।

गौरतलब है कि इससे पहले विराट कोहली ने जनवरी 2025 में रणजी ट्रॉफी में रेलवे के खिलाफ मुकाबला खेला था, जो 12 साल बाद उनका पहला घरेलू फर्स्ट क्लास मैच था। उस मैच में वह केवल 6 रन ही बना सके थे। ऐसे में विजय हजारे ट्रॉफी में रेलवे के खिलाफ होने वाला यह मुकाबला कोहली के लिए एक तरह से खुद को साबित करने और बेहतर प्रदर्शन करने का मौका भी माना जा रहा है।

Share This Article