धमाकेदार अंदाज में मुकाबला जीतकर विनेश फोगाट ने बनाई सेमीफाइनल में जगह [Vinesh Phogat made it to the semi-finals by winning the match with a bang]

3 Min Read

पेरिस, एजेंसियां। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत की विनेश फोगाट कमाल का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उनके आगे यूक्रेन की ओक्साना लिवाच टिक नहीं पाईं और मुकाबला हार गईं।

ओक्साना लिवाच ने जीतने की कोशिश भरपूर की। पर अंत में बाजी विनेश के हाथ लगी। क्वार्टर फाइनल मैच विनेश ने 7-5 से जीत लिया है। अब उनका सेमीफाइनल मुकाबला क्यूबा की गुजमान लोपेज से आज रात में 9.45 बजे होगा।

दमदार अंदाज में जीता मुकाबला

ओक्साना लिवाच के खिलाफ पहले राउंड में 2-0 की बढ़त बनाने के बाद विनेश ने दूसरे राउंड की शुरुआत में अपनी बढ़त 4-0 की कर ली।

ओक्साना ने भी अंक हासिल कर मैच में वापसी करने की कोशिश की और उन्होंने विनेश की बढ़त को दो अंकों (5-3) तक सीमित कर दिया। विनेश पर इस समय थकान हावी हो रही थी।

उन्होंने अपने कोच से चैलेंज लेने के लिए कहा। वीडियो रेफरी ने देखने के बाद इसे खारिज कर दिया और विनेश को एक और अंक का खामियाजा भुगतना पड़ा। उन्हें हालांकि इस दौरान खुद को तरोताजा करने के लिए कुछ सेकेंड मिल गए।

बाद में विनेश ने यूक्रेन की पहलवान को बाहर धकेल कर दो अंक हासिल कर अपनी बढ़त को 7-4 कर लिया। ओक्साना इसके बाद एक अंक हासिल करने में सफल रही लेकिन यह विनेश को रोकने के लिए काफी नहीं था।

राउंड-16 में किया था बड़ा उलटफेर

भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक के महिला 50 किग्रा कुश्ती के अंतिम-16 मैच में जापान की युई सुसाकी को 3-2 से हरा कर बड़ा उलटफेर किया।

चार बार की विश्व चैम्पियन सुसाकी ने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। जापान की पहलवान की इंटरनेशनल कुश्ती में यह पहली हार है, जिससे विनेश की यह सफलता और भी खास हो जाती है। विनेश के खिलाफ मुकाबले में आखिरी कुछ सेकेंड से पहले सुसाकी के पास 2-0 की बढ़त थी।

अनुभव का किया इस्तेमाल

अपना तीसरा ओलंपिक खेल रही विनेश अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल कर आखिरी पांच सेकेंड में जापान की चैम्पियन पहलवान को टेकडाउन कर दो अंक हासिल करने में सफल रही।

जापान की टीम ने इसके खिलाफ अपील भी की लेकिन रेफरी ने वीडियो रीप्ले देखने के बाद उसे खारिज कर दिया जिससे विनेश को एक और अंक मिला और उन्होंने 3-2 से जीत हासिल कर ली।

इसे भी पढ़ें

सिंधु और फोगाट की इस मांग पर क्यों मचा हंगामा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं