Under-19 World Cup victory
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक छठी विश्व कप जीत की गूंज सोमवार को संसद में सुनाई दी। लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में युवा चैंपियंस की शानदार उपलब्धि की सराहना की गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए इसे देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान ओम बिरला ने कहा कि 6 फरवरी 2026 को भारतीय अंडर-19 टीम ने आईसीसी विश्व कप जीतकर एक नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की असाधारण प्रतिभा, अनुशासन, कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी जीत
ओम बिरला ने कहा, “यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि देश के अन्य खिलाड़ियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी। सदन की ओर से मैं टीम, कोचिंग स्टाफ और सहयोगी दल को बधाई देता हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।”
फाइनल में भारत का दबदबा
जिम्बाब्वे के हरारे में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया। 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शतक जड़ा, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे (53 रन) और विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू (40 रन) ने अहम योगदान दिया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 311 रन पर सिमट गई।
दोहरी विश्व कप उपलब्धि
इस जीत के साथ भारत के पास अब अंडर-19 पुरुष और महिला, दोनों विश्व कप ट्रॉफियां हैं। इससे पहले भारत ने 2025 में निकी प्रसाद के नेतृत्व में अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का खिताब भी जीता था। इसे भारतीय क्रिकेट प्रणाली की मजबूती का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है।
बीसीसीआई ने किया इनाम का ऐलान
बीसीसीआई ने अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली टीम पर इनामों की बारिश करते हुए 7.5 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि की घोषणा की है। बोर्ड के अनुसार, यह राशि खिलाड़ियों, तकनीकी स्टाफ और चयन समिति के बीच बांटी जाएगी। टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है और क्रिकेट जगत से लेकर आम प्रशंसकों तक सभी युवा खिलाड़ियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।


















