नई दिल्ली,एजेंसियां: आईपीएल 2024 खत्म होते ही क्रिकेट फैंस में टी20 वर्ल्ड कप को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेला जाना है। इसकी शुरुआत एक जून से होगी।
टूर्नामेंट में 20 टीमें भाग लेंगी और सभी ने अपने स्क्वाड की घोषणा कर दी है। टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले करीब दो महीने तक आईपीएल खेला गया था।
लीग में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के पास टी20 वर्ल्ड कप की टीम में जगह बनाने का मौका था।
कई ऐसे खिलाड़ी रहे जिन्होंने आईपीएल में कमाल किया लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में नजर नहीं आएंगे।
चलिए हम आपको 5 ऐसे ही नामों के बारे में बताते हैं।
रुतुराज गायकवाड़
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के लिये ये सीजन बतौर बल्लेबाज काफी बेहतर रहा।
इस सीजन में उन्हें चेन्नई का नया कप्तान नियुक्त किया गया था। भले ही चेन्नई प्लेऑफ नहीं खेल पाई हो लेकिन रुतुराज ने अपनी बल्लेबाजी से फैंस का दिल जरुर जीत लिया।
उन्होंने 14 मैचों में 583 रन बनाए। इससे पहले रुतु टीम इंडिया की भी कप्तानी कर चुके हैं।
आईपीएल 2024 में वह दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। लेकिन इसके बाद भी टी20 वर्ल्ड कप के लिये उनका चयन नहीं हुआ।
जैक फ्रेजर मैकगर्क
ऑस्ट्रेलिया के जैक फ्रेजर मैकगर्क अपनी तीव्र बल्लेबाजी के कारण पूरे सीजन सुर्खियों में बने रहे। 9 मैच में उन्होंने 234 की स्ट्राइक रेट से 330 रन ठोके।
उनकी बल्लेबाजी पूरी तरह से टी20 को सूट करती है। इस प्रदर्शन के बाद भी मैकगर्क को ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड कप की टीम में जगह नहीं दी है। हालांकि वह रिजर्व में शामिल हैं।
फाफ डु प्लेसिस
फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी में आरसीबी प्लेऑफ तक पहुंची। टीम ने सीजन के सेकेंड हाफ में शानदार प्रदर्शन किया।
फाफ ने सीजन में कुल 438 रन बनाए। बता दें कि उन्होंने टी20 पर फोकस करने के लिए टेस्ट से संन्यास लिया था।
हालांकि उसके बाद से उन्हें टी20 खेलने के लिए साउथ अफ्रीका टीम में चुना ही नहीं गया।
हर्षल पटेल
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने आईपीएल 2024 में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। 14 मैच में 24 विकेट लेकर उन्होंने पर्पल कैप जीता।
इसके बाद भी हर्षल को टीम इंडिया में जगह नहीं मिली। भारत के लिए आखिरी मैच उन्होंने जनवरी 2023 में ही खेला था।
सुनील नरेन
सुनील नरेन ने आईपीएल में बल्ले से 488 रन बनाए। साथ ही गेंदबाजी में उन्होंने 17 विकट झटके।
उनकी इकोनॉमी 7 से भी कम की रही। वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल चाहते थे कि नरेन टी20 वर्ल्ड कप खेले।
नरेन को काफी मनाने की कोशिश की गई। इसके बाद भी वह तैयार नहीं हुए।
इसे भी पढ़ें
झारखंड में बालू माफिया, लैंड व लव जिहाद को सरकार का छत्रछाया : जेपी नड्डा








