यशस्वी- शुभमन की ताबड़तोड़ पारी के बदौलत भारत ने सीरीज में बनाई बढ़त, चौथे टी20 में जिम्बाब्वे को 10 विकेट से हराया [Thanks to the brilliant innings of Yashasvi-Shubman, India took the lead in the series, defeated Zimbabwe by 10 wickets in the fourth T20]

3 Min Read

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय क्रिकेट टीम ने यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल के अर्धशतकीय पारी के दम पर जिम्बाब्वे को चौथे टी20 में 10 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज पर भी कब्जा कर लिया।

भारत ने 5 मैचों की टी20 सीरीज में 3-1 की बढ़त बना ली है। जिम्बाब्वे की ओर से दिए गए 153 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 15.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 156 रन बनाए। सीरीज का पांचवां और आखिरी टी20 मैच रविवार 14 जुलाई को हरारे में खेला जाएगा।

जिम्बाब्वे की ओर से रखे गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 10 ओवर में भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया।

जायसवाल के टी20 करियर का यह 100वां मैच था। यशस्वी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलकर यह दिखा दिया कि टी20 भविष्य के वह सुपर स्टार हैं। उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर टीम की जीत की नींव रखी।

जायसवाल ने 53 गेंदों पर नाबाद 93 रन बनाए जबकि गिल ने 39 गेंदों पर नाबाद 58 रन की पारी खेली। यशस्वी ने 53 गेंदों पर 13 चौके और 2 छक्के लगाए वहीं गिल ने 39 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्के जड़े।

सिकंदर रजा ने खेली 46 रन की कप्तानी पारी

इससे पहले, भारत ने कामचलाऊ गेंदबाज शिवम दुबे और अभिषेक शर्मा के शानदार प्रदर्शन से जिम्बाब्वे को 7 विकेट के नुकसान पर 152 रन पर रोक दिया। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने 28 गेंद में 46 रन की कप्तानी पारी खेली।

लेकिन भारत के पांचवें गेंदबाज अभिषेक शर्मा (20/1) और छठे गेंदबाज शिवम् दूबे (11/ 1) की बदौलत जिम्बाब्वे को दबाव में रखा। इन्होंने खतरनाक दिख रही वेस्ले माधेवेरे (24 गेंद में 25 रन) और टाडीवानाशे मारूमनी (31 गेंद में 32 रन) की सलामी जोड़ी को आउट करके मध्य ओवरों में लगाम कसी।

कप्तान रजा ने हालांकि अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके लगाकर जिम्बाब्वे को 150 से अधिक रन के स्कोर तक पहुंचाया। लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को छोड़कर सभी भारतीय गेंदबाजों को विकेट मिले।

गिल की कप्तानी में टीम इंडिया की पहली सीरीज जीत

भारत ने दूसरा टी20 मैच 23 रन से जीता वहीं चौथा मैच 100 रन के अंतर से अपने नाम किया था। गिल की कप्तानी में टीम इंडिया की यह पहली सीरीज जीत है। उन्होंने इस सीरीज में बल्ले से भी धमाल मचाया है।

इसे भी पढ़ें

भारत ने जिम्बाब्वे को तीसरे T20 मैच में 23 रन से हराकर सीरीज में ली 2-1 की बढ़त

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं