Kuldeep Yadav Wedding
नई दिल्ली, एजेंसियां। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ 14 मार्च 2026 को उत्तराखंड के हिल स्टेशन मसूरी में सात फेरे लेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक शादी से पहले 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में आयोजित की जाएंगी। वहीं विवाह के तीन दिन बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी रखी जाएगी, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ी, बॉलीवुड सितारे और उत्तर प्रदेश के बड़े राजनेता शामिल हो सकते हैं।
बचपन की दोस्त से करेंगे शादी
बताया जा रहा है कि कुलदीप यादव की होने वाली पत्नी वंशिका कानपुर के श्याम नगर की रहने वाली हैं और एलआईसी में नौकरी करती हैं। दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं और समय के साथ उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई।
2025 में हुई थी सगाई
कुलदीप यादव और वंशिका की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ में एक निजी समारोह में हुई थी। अब शादी की तैयारियां तेज हो गई हैं और परिवार की ओर से शादी के कार्ड भी बांटे जा रहे हैं। कुलदीप यादव के पिता राम सिंह यादव ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी शादी का निमंत्रण दिया है।
टी20 वर्ल्ड कप में खेला सिर्फ एक मैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुलदीप यादव को ज्यादा मौके नहीं मिले और उन्हें सिर्फ एक मैच में प्लेइंग इलेवन में जगह मिली। यह मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ था, जिसमें उन्होंने 14 रन देकर एक विकेट लिया और टीम की जीत में अहम योगदान दिया।







