टी-20 वर्ल्ड कपः पाकिस्तान हो गया बाहर [T-20 World Cup: Pakistan is out]

2 Min Read

आयरलैंड-अमेरिका का मैच बारिश में धुलने के साथ ही पाकिस्तान की किस्मत धुली

फ्लोरिडा, एजेंसियां। आयरलैंड-अमेरिका मैच रद्द होने के कारण पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गया।

2009 की चैंपियन पाकिस्तान टीम अब आयरलैंड के खिलाफ आखिरी मैच जीतकर भी सुपर-8 में नहीं पहुंच सकती।

दूसरी ओर, टीम इंडिया न सिर्फ सुपर-8 में पहुंच चुकी है, बल्कि सेमीफाइनल में पहुंचने की उसकी राह भी काफी आसान नजर आ रही है।

भारतीय टीम सुपर-8 में ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से भिड़ सकती है। अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने इस टूर्नामेंट में भारत को कभी नहीं हराया है।

पाकिस्तान कैसे बाहर हुआ?

शुक्रवार को आयरलैंड-अमेरिका के बीच मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। दोनों ही टीमों को 1-1 पॉइंट मिला।

अमेरिका के 4 मैच में 2 जीत, 1 हार और 1 रद्द मैच से 5 पॉइंट्स हो गए। पाकिस्तान के 3 मैचों में 1 जीत और 2 हार से 2 पॉइंट्स हैं।

टीम आयरलैंड के खिलाफ आखिरी मैच जीतकर भी 4 ही पॉइंट्स तक पहुंच सकेगी, जो अमेरिका को पीछे छोड़ने के लिए काफी नहीं है।

टीम इंडिया 6 पॉइंट्स के साथ ग्रुप-ए से पहले ही क्वालिफाई कर चुकी थी। उनका आखिरी मैच आज फ्लोरिडा में ही कनाडा के खिलाफ होगा।

टूर्नामेंट में एक ग्रुप से 2 ही टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी। ग्रुप-ए से भारत और अमेरिका ने क्वालिफाई कर लिया, इसलिए पाकिस्तान समेत आयरलैंड और कनाडा की टीमें भी सुपर-8 की रेस से बाहर हो गईं।

इसे भी पढ़ें

टी-20 वर्ल्डकपः ..तो आज ही पाकिस्तान हो सकता है बाहर

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं