T20 World Cup 2026
नई दिल्ली, एजेंसियां। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 7 फरवरी से शुरू होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 55 मुकाबले खेले जाएंगे। सभी टीमों ने अपनी-अपनी 15 सदस्यीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। आपको बता दें इस बार टूर्नामेंट में कई ऐसे खिलाड़ी नजर आएंगे, जो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं। खास बात तो यह है कि इनमें से कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं, जो अपने दम पर मैच का रुख पलटने की काबिलियत रखते हैं।
अभिषेक शर्मा (भारत)
भारतीय टीम के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं। पिछले टी20 वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले अभिषेक ने कम समय में खुद को टीम इंडिया का अहम खिलाड़ी साबित किया है। अब तक 38 टी20 मैचों में 1297 रन बना चुके अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी उनकी सबसे बड़ी ताकत है। पावरप्ले में तेज रन बनाकर वह विपक्षी टीम पर तुरंत दबाव बना सकते हैं।
डेवाल्ड ब्रेविस (दक्षिण अफ्रीका)
डेवाल्ड ब्रेविस को क्रिकेट जगत का भविष्य का बड़ा स्टार माना जाता है। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर ब्रेविस कुछ ही ओवरों में मैच का पासा पलटने की क्षमता रखते हैं। टी20 लीग्स का अच्छा अनुभव होने की वजह से बड़े मंच का दबाव भी उनके खेल पर असर नहीं डालता।
जैकब डफी (न्यूजीलैंड)
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने हाल के समय में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। नई गेंद से स्विंग और डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर उनकी खासियत है। टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में वह न्यूजीलैंड के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं।
जैकब बेथेल (इंग्लैंड)
इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर जैकब बेथेल बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने की क्षमता रखते हैं। मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाना और जरूरत पड़ने पर गेंद से विकेट निकालना उनकी बड़ी ताकत है। उनकी मौजूदगी इंग्लैंड की टीम को अतिरिक्त संतुलन देती है।
अबरार अहमद (पाकिस्तान)
पाकिस्तान के लेग स्पिनर अबरार अहमद अपनी कसी हुई गेंदबाजी और विविधता के लिए जाने जाते हैं। स्पिन मददगार पिचों पर वह किसी भी बल्लेबाजी क्रम के लिए खतरा बन सकते हैं। टी20 फॉर्मेट में उनका स्पिन जादू पाकिस्तान के लिए मैच विनर साबित हो सकता है।












