Syed Mushtaq Ali Trophy match: सैयद मुश्ताक अली में हाई वोल्टेज मैच, वैभव सूर्यवंशी पर भारी रहे अर्जुन तेंदुलकर

2 Min Read

Syed Mushtaq Ali Trophy match:

पणजी, एजेंसियां। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025–26 में गुरुवार को खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में गोवा ने बिहार को 1 गेंद शेष रहते 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में भले ही बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी पारी खेली, लेकिन निर्णायक क्षणों में अर्जुन तेंदुलकर और सुयश प्रभुदेसाई ने गोवा के लिए बाजी पलट दी।

बिहार की तेज शुरुआत, वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार बल्लेबाजी:

जादवपुर यूनिवर्सिटी ग्राउंड पर गोवा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। बिहार ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन बनाए।
ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 25 गेंदों पर 46 रन की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान सकीबुल गनी ने 60 रनों का योगदान दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की। वैभव ने 4 चौके लगाए, हालांकि वह अर्धशतक से चूक गए।

वैभव और अर्जुन तेंदुलकर के बीच दिलचस्प भिड़ंत देखने को मिली। अर्जुन ने शुरुआती दो ओवरों में वैभव के सामने सिर्फ 16 रन दिए। बाद में उन्होंने अपने दूसरे स्पेल में 2 विकेट झटके और 4 ओवर में 32 रन देकर शानदार गेंदबाजी की।

सुयश प्रभुदेसाई बने हीरो:

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गोवा की शुरुआत खराब रही। ओपनिंग पर आए अर्जुन तेंदुलकर सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए और दूसरी ही गेंद पर अभिनव तेजराणा भी पवेलियन लौट गए।लेकिन कप्तान सुयश प्रभुदेसाई ने मोर्चा संभाला और 46 गेंदों में 79 रन ठोकते हुए टीम को जीत की राह पर लौटा दिया। अंत में ललित यादव ने 12 गेंदों में 21 रन बनाकर मैच को गोवा की तरफ मोड़ दिया।गोवा ने 19.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 5 विकेट से जीत दर्ज की।

अंक तालिका में बदलाव:

इस जीत के साथ गोवा ग्रुप बी की अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि बिहार लगातार पांचवीं हार के बाद सबसे नीचे बनी हुई है।

Share This Article