बेंगलुरु,एजेंसियां। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने इंडियन प्रीमियर लीग-2024 (IPL) के 10वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 7 विकेट से हराया।
मौजूदा सीजन में घरेलू टीम को पहली बार हार झेलनी पड़ी है। इससे पहले, 9 मैच मेजबानों ने ही जीते हैं। यह कोलकाता की लगातार दूसरी जीत है, जबकि बेंगलुरु दूसरा मैच हारी है।
बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुक्रवार को कोलकाता ने 183 रन का टारगेट 16.5 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर 39 और रिंकू सिंह 5 रन बनाकर नाबाद लौटे।
वेंकटेश अय्यर ने 50, सुनील नारायण ने 47 और फिल सॉल्ट ने 30 रन की आक्रामक पारियां खेलीं। यश दयाल, मयंक डागर और विजयकुमार वैशाख को एक-एक विकेट मिला।
RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 182 रन का स्कोर बनाया। विराट कोहली ने 59 बॉल पर 83 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के मारे।
कोहली ने लीग में 52वीं फिफ्टी जमाई। कैमरन ग्रीन ने 33 और ग्लेन मैक्सवेल ने 28 रन का योगदान दिया। आंद्रे रसेल और हर्षित राणा को 2-2 विकेट मिले।
सुनील नारायण प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने 22 बॉल पर 47 रन की आतिशी पारी खेली और एक विकेट भी हासिल किया।
इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम मौजूदा सीजन के पॉइंट्स टेबल के दूसरे नंबर पर आ गई है। टीम के खाते में दो मैच के बाद 4 अंक हैं। टेबल के टॉप पर चेन्नई और तीसरे नंबर पर राजस्थान है। इन दोनों ने भी 4-4 अंक हासिल कर लिए हैं।
मैच के रोचक फैक्ट
कोलकाता के सुनील नरेन ने 500वां टी-20 मैच खेला। वे 3783 रन बना चुके हैं और 537 विकेट ले चुके हैं।
बेंगलुरु की टीम कोलकाता से अपने होम ग्राउंड पर पिछले आठ साल से जीत नहीं सकी है। RCB को आखिरी जीत 2015 में मिली थी।
सुनील नरेन ने 11 IPL पारियों के बाद 10 रन का आंकड़ा पार किया है। उन्होंने 22 बॉल पर 47 रन की विस्फोटक पारी खेली।
इसे भी पढ़ें
आयकर विभाग पर आरोप लगाने के बजाय कांग्रेस को कर दायित्वों को पूरा करना चाहिए: भाजपा








