मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सीजन की शुरुआत 22 मार्च से हो रही है।
आईपीएल का अभी तक पूरा शेड्यूल नहीं आया है। बीसीसीआई ने सिर्फ 21 मैचों के शेड्यूल का ऐलान किया है। इसका कारण इसी साल होने वाले लोकसभा चुनाव हैं।
अब खबर है कि बीसीसीआई आईपीएल के दूसरे हाफ को भारत से बाहर यूएई में करा सकता है।अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले इस बारे में जानकारी दी है।
बताया है कि बीसीसीआई के कुछ शीर्ष अधिकारी इस समय यूएई में हैं और इस बारे में विचार किया जा रहा है कि क्या आईपीएल के बाकी मैच भारत से बाहर कराये जायें।
चुनाव आयोग शनिवार को लोकसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान करने वाला है। इसके बाद आईपीएल के बाकी बचे मैचों के शेड्यूल को लेकर फैसला किया जायेगा।
चुनावों के चलते हालांकि बीसीसीआई को आईपीएल के आयोजन में परेशानी आ सकती है। इसी कारण भारतीय बोर्ड आईपीएल को बाहर कराने पर विचार कर रहा है।
रिपोर्ट में लिखा गया है कि इस समय बीसीसीआई के कुछ शीर्ष अधिकारी दुबई में हैं और वहां आईपीएल का दूसरा हाफ कराने की संभावनाएं तलाश रहे हैं।
अभी तक बीसीसीआई ने 22 मार्च से सात अप्रैल तक के मैचों का शेड्यूल जारी किया है। बाकी के मैचों का अभी इंतजार है। अगर दूसरा हाफ बाहर कराया जाता है, तो फिर मैचों के बीच में गैप हो सकता है।
साथ ही इसकी भी संभावना है कि आईपीएल लास्ट फेज के लिए वापस भारत में आ जाये यानी प्लेऑफ और फाइनल भारत में ही हों।
लोकसभा चुनाव जब भी होते हैं आईपीएल के आयोजन में समस्या आती है। 2009 में जब दूसरा आईपीएल सीजन हुआ था तब पूरी लीग को साउथ अफ्रीका में कराया गया था।
इसके बाद 2014 में जब लोकसभा चुनाव हुए थे तब आईपीएल का आयोजन तो पहला हाफ यूएई में हुआ था और दूसरा हाफ भारत में खेला गया था।
2019 में हालांकि लोकसभा चुनावों के बाद भी पूरा आईपीएल भारत में ही हुआ था। वहीं कोविड के समय में भी बीसीसीआई ने आईपीएल को यूएई में कराया था।
इसे भी पढ़ें









