Vijay Hazare Trophy: विजय हजारे ट्रॉफी में शुभमन गिल की वापसी, कप्तान के नाम पर सस्पेंस बरकरार

2 Min Read

Vijay Hazare Trophy

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे शुभमन गिल को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। विजय हजारे ट्रॉफी 2025 के लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने 18 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। हालांकि टीम की घोषणा के बावजूद कप्तान के नाम पर अब भी सस्पेंस बना हुआ है।

शुभमन गिल को टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम नहीं मिली थी

गौरतलब है कि शुभमन गिल को हाल ही में भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली थी, क्योंकि पिछले कुछ समय से उनका प्रदर्शन इस फॉर्मेट में अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा था। इसके बावजूद गिल की वनडे क्रिकेट में अहम भूमिका बनी हुई है और अब विजय हजारे ट्रॉफी में उनकी वापसी को अहम माना जा रहा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि गिल पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं, क्योंकि जनवरी में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज खेलनी है।

कौन कौन है पंजाब टीम में?

पंजाब की टीम में बल्लेबाजी और ऑलराउंड विभाग को मजबूत रखा गया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह, अनमोलप्रीत सिंह, नमन धीर, रामनदीप सिंह और सनवीर सिंह टीम को संतुलन प्रदान करेंगे। वहीं गेंदबाजी की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह के साथ गुरनूर बराड़, हरप्रीत बराड़ और क्रिश भगत जैसे गेंदबाजों पर होगी।पंजाब अपना विजय हजारे ट्रॉफी अभियान 24 दिसंबर से महाराष्ट्र के खिलाफ शुरू करेगा। टीम अपने सभी सात लीग मुकाबले जयपुर में खेलेगी। पंजाब के ग्रुप में मुंबई, गोवा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम जैसी टीमें शामिल हैं। लीग चरण के मुकाबले 8 जनवरी तक चलेंगे।

पिछले सीजन में पंजाब क्वार्टरफाइनल में हारकर बाहर हो गया था, लेकिन इस बार टीम मजबूत नजर आ रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पंजाब की कप्तानी किसे सौंपी जाएगी और शुभमन गिल इस घरेलू टूर्नामेंट में कैसा प्रदर्शन करते हैं।

Share This Article