हरारे, एजेंसियां। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया को 13 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
इस मैच में भारतीय टीम के बल्लेबाज बुरी तरह से फ्लॉप रहे। साल 2024 में टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम की ये पहली हार है।
इस मैच में जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 115 रन बनाए। इस लक्ष्य को देखकर ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया इस मैच को आसानी से जीत जाएगी, लेकिन भारतीय टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 102 रनों पर ऑलआउट हो गई।
कप्तान गिल ने बताई मैच हारने की वजह
शुभमन गिल का ये कप्तान के तौर पर पहला टी20 इंटरनेशनल मैच था, जिसमें उन्हें हार का स्वाद चखना पड़ा।
गिल ने 13 रन की हार के बाद अपनी टीम के बल्लेबाजी प्रयास को निराशाजनक करार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि वह जिस तरीके से आउट हुए उससे वो काफी निराश हैं।
गिल ने कहा कि मैच में पारी के आधा खत्म होने तक हमने पांच विकेट खो दिए थे। अगर मैं अंत तक क्रीज पर टिका रहता तो अच्छा रहता। मैं जिस तरह से आउट हुआ और मैच जिस तरह से आगे बढ़ा उससे मैं बहुत निराश हूं।
टीम इंडिया अपने प्लान को लागू करने में विफल रही
शुभमन गिल ने कहा कि हमारे लिए थोड़ी उम्मीद थी। लेकिन 115 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अगर आपका 10वें नंबर का बल्लेबाज मैदान पर हो तो आपको पता चल जाता है कि कुछ गड़बड़ है।
गिल ने कहा कि टीम अपने प्लान को लागू करने में पूरी तरह से विफल रही। हमने समय लेने और अपनी बल्लेबाजी का लुत्फ उठाने की बात की थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
गिल जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच हारने वाले कुल तीसरे भारतीय कप्तान बने हैं। उनसे पहले भारत ने महेंद्र सिंह धोनी और अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में मैच हारा था।
टीम इंडिया पर मिली जीत के बाद खुश थे सिकंदर रजा
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा इस जीत से काफी खुश थे। लेकिन उन्होंने कहा कि अभी सीरीज खत्म नहीं हुई है।
रजा ने कहा कि इस जीत से बहुत खुश हूं। लेकिन काम पूरा नहीं हुआ है, सीरीज खत्म नहीं हुई है। विश्व चैम्पियन तो विश्व चैम्पियन की तरह ही खेलते हैं इसलिए हमें अगले मैच के लिए तैयार रहना होगा।
बुरी तरह से फ्लॉप रहे भारतीय बल्लेबाज
भारतीय टीम की शुरुआत बहुत ही खराब रही। जब अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
इसके बाद रुतुराज गायकवाड़, रियान पराग और रिंकू सिंह भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके।
शुभमन गिल और वॉशिंगटन सुंदर ने कुछ देर विकेट पर टिकने की कोशिश की, लेकिन ये दोनों ही प्लेयर्स टीम इंडिया को जीत नहीं दिला पाए।
गिल ने 31 रन बनाए और सुंदर ने 27 रनों का योगदान दिया। अंत में आवेश खान ने 12 गेंदों में टीम इंडिया के लिए 16 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। लेकिन पूरी टीम सिर्फ 102 रन ही बना सकी।
इसे भी पढ़ें
24 घंटे के भीतर टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरा टी20 मुकाबला खेलेगी









