T20 World Cup
गया, एजेंसियां। गया जिले के नक्सल प्रभावित इमामगंज प्रखंड के कोठी गांव निवासी 27 वर्षीय शोएब खान का यूएई की क्रिकेट टीम में चयन हो गया है। शोएब, जिन्हें आदिल खान उर्फ जुगनू खान के पुत्र के रूप में जाना जाता है, T20 वर्ल्ड कप में अपने जलवे दिखाएंगे। उनके चयन की खबर ने कोठी गांव में खुशी की लहर दौड़ा दी है। परिवार के सभी सदस्य, विशेषकर माता रेशमा और पिता आदिल, बेहद खुश हैं।
शोएब खान की पढाई
शोएब खान ने शुरुआती पढ़ाई ज्ञान भारती बोधगया से की और फिर जामिया मिलिया स्कूल, नई दिल्ली से इंटरमीडिएट और जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय से स्नातक किया। उन्होंने 16 साल की उम्र में जामिया मिलिया से क्रिकेट खेलना शुरू किया। बिहार रणजी टीम के लिए कैंप करने के बावजूद, कोरोना काल में वह दुबई चले गए, जहां लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर अक्टूबर 2025 में उन्हें यूएई की वनडे टीम में और नवंबर 2025 में T20 टीम में जगह मिली। एशिया कप राइजिंग स्टार टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ 63 रनों की पारी से उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की।
शोएब का सपना भारतीय टीम में खेलना था
शोएब का सपना भारतीय टीम में खेलना था, लेकिन बिहार रणजी टीम में चयन न होने के बाद वह क्रिकेट छोड़ने तक सोच रहे थे। दुबई में ILT 20 इंटरनेशनल लीग टूर्नामेंट में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के कारण उन्हें अमीरेट्स क्रिकेट बोर्ड से कई पुरस्कार भी मिले।शोएब ने गया और बिहार वासियों को संदेश दिया, “कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से ही यह मुकाम हासिल हुआ है। मैं आगे भी बेहतर प्रदर्शन करूँगा।” 10 फरवरी को T20 वर्ल्ड कप में यूएई की टीम न्यूजीलैंड से भिड़ेगी, जहां शोएब अपने हुनर का जलवा दिखाएंगे।











