रांची। झारखंड क्रिकेट के दो सितारों ने एक साथ ही खेल के मैदान को अलविदा कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी और पूर्व टेस्ट क्रिकेटर वरुण एरॉन ने क्रिकेट से सन्यास ले लिया है।
मंगलवार को जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में झारखंड की राजस्थान पर मिली शानदार जीत के बाद दोनों ने यह घोषणा की।
बता दें कि इस मैच को झारखंड ने 89 रनों से जीत लिया है। सौरभ तिवारी ने क्रिकेट के सारे फॉर्मेट से और वरुण एरॉन ने डेज क्रिकेट से संन्यास लिया है। वरुण लिमिटेड ओवर गेम खेलते रहेंगे।

सौरभ ने क्रिकेट को अलविदा करने से पहले कीनन स्टेडियम की पिच को चूमा। उन्होंने कहा कि कीनन स्टेडियम में क्रिकेट खेलना शुरू किया था और आज यहीं से संन्यास ले रहा हूं। लग है समय कितनी जल्दी बीत गया।
झारखंड के खिलाड़ी बल्ले की छतरी बनाकर मैदान से पवेलियन तक सौरभ और एरॉन को ले गये। फिर केक काटकर दोनों को विदाई दी गई।
इस मौके पर सौरभ की पत्नी, बच्चे और मां-पिताजी भी मौजूद थे। सौरभ की पत्नी काफी भावुक दिखीं। सौरभ ने कहा कि क्रिकेट छोड़ने की घोषणा सोच-समझकर की है, लेकिन क्रिकेट को छोड़ना बहुत ही मुश्किल है।
वहीं वरुण एरॉन ने कहा कि कीनन स्टेडियम से काफी कुछ मिला। यहां संन्यास लेना इमोशनल मोमेंट है। 34 साल के एरॉन ने कहा कि अब शरीर रेड बॉल क्रिकेट में तेज गेंदबाजी की मांग को पूरा नहीं कर सकता।
बता दें कि वरुण ने 2011 में वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में भारत के लिए डेब्यू किया था। वरुण नौ टेस्ट मैच खेल चुके हैं।
2014 में ओल्ड ट्रेफर्ड में एक टेस्ट मैच के दौरान उनकी गेंद पर ब्रॉड की नाक टूट गई थी।
इसे भी पढ़ें









