IPL 2026
नई दिल्ली, एजेंसियां। राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 19वें सीजन के लिए अपने नए कप्तान का ऐलान कर दिया है। फ्रेंचाइजी ने टीम की कप्तानी रियान पराग को सौंपी है, जो पिछले सीजन में संजू सैमसन की चोट के दौरान कुछ मैचों में टीम की कमान संभाल चुके थे। इस निर्णय के साथ ही टीम ने पिछले कप्तान संजू सैमसन को ट्रेड विंडो के जरिए चेन्नई सुपर किंग्स को ट्रांसफर कर दिया।
पिछले सीजन की कप्तानी अनुभव
आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा था। संजू सैमसन चोट के कारण आठ मैच नहीं खेल पाए थे, जिसमें रियान पराग ने कप्तानी की। हालांकि उनकी कप्तानी में टीम को केवल दो जीत मिली और छह हार का सामना करना पड़ा। कप्तानी के दौरान पराग का व्यक्तिगत प्रदर्शन काफी मजबूत रहा; उन्होंने आठ मैचों में 38.57 के औसत से रन बनाए और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपना आईपीएल करियर का सर्वोच्च स्कोर 95 रन दर्ज किया।
आईपीएल में पराग का अब तक का रिकॉर्ड
रियान पराग ने साल 2019 में आईपीएल डेब्यू किया और पिछले सात सीजन से राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा हैं। 2024 के सीजन में उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला, जब उन्होंने 52.09 के औसत से 573 रन बनाए। अब तक 84 आईपीएल मैचों में उन्होंने 1566 रन बनाए हैं।
पराग ने गेंदबाजी में भी योगदान दिया है और अब तक 7 विकेट हासिल किए हैं।रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स अब नए सीजन में बेहतर रणनीति और प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं। 24 साल की युवा उम्र में उन्हें टीम की कमान सौंपना फ्रेंचाइजी की रणनीति और भविष्य की योजना को दर्शाता है। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स की निगाहें पराग के नेतृत्व में मजबूत शुरुआत करने पर हैं।
