Rahul Chahar
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर Rahul Chahar और उनकी पत्नी ईशानी जौहर ने शादी के चार साल पूरे होने से ठीक पहले अलग होने का फैसला कर लिया है। 26 वर्षीय क्रिकेटर ने 20 फरवरी को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पिछले 15 महीनों से कानूनी प्रक्रिया चल रही थी, जो अब पूरी हो चुकी है।राहुल चाहर, जिन्होंने टीम इंडिया के लिए 7 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 10 विकेट लिए हैं, ने अपने बयान में लिखा कि कम उम्र में शादी करने के फैसले ने उन्हें जिंदगी के कई अहम सबक सिखाए। उन्होंने कहा कि 22 साल की उम्र में विवाह के बंधन में बंधते समय वह खुद को और जीवन की प्राथमिकताओं को पूरी तरह समझ नहीं पाए थे। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब वह बिना किसी गुस्से या पछतावे के इस अध्याय को खत्म कर रहे हैं।
गोवा में हुई थी चर्चित डेस्टिनेशन वेडिंग
राहुल और ईशानी की शादी 9 मार्च 2022 को गोवा में हुई थी। यह एक निजी समारोह था, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। उस समय उनकी शादी काफी चर्चा में रही थी, क्योंकि राहुल आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे और राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश में थे। शादी में उनके चचेरे भाई और भारतीय तेज गेंदबाज Deepak Chahar भी शामिल हुए थे।
‘भारी कीमत चुकानी पड़ी’
अपने बयान में राहुल ने लिखा, “पिछले 15 महीने अदालतों के चक्कर, धैर्य और सच्चाई से मिली ताकत को समझने में बीते। उचित कानूनी प्रक्रिया के बाद मामला निपट गया है, जिसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी।” हालांकि उन्होंने अलगाव की वजह का खुलासा नहीं किया।फिलहाल राहुल चाहर टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं और घरेलू क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। निजी जीवन में आए इस बड़े बदलाव के बावजूद उन्होंने संकेत दिए हैं कि वह आगे सकारात्मक सोच के साथ बढ़ना चाहते हैं।








