Musheer Khan:
मुंबई, एजेंसियां। 15 अक्टूबर से रणजी ट्रॉफी के आगामी सीजन की शुरुआत होने वाली है। इस सीजन के शुरू होने से पहले मुंबई और महाराष्ट्र के बीच तीन दिनों का प्रैक्टिस मैच पुणे में महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के स्टेडियम में खेला जा रहा है।
पृथ्वी शॉ मुंबई को छोड़ कर महाराष्ट्र से खेल रहे हैं। शॉ का इस मैच में अपनी पुरानी टीम मुंबई के खिलाड़ियों के साथ नोकझोंक हुई। यह घटना तब हुई, जब शॉ ने मुंबई के खिलाफ शानदार शतक (181 रन) जड़ा और इसके बाद मुंबई के स्पिनर मुशीर खान के साथ उनकी तीखी बहस हो गई।
शॉ ने 181 रन बनाएः
महाराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। शॉ ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 220 गेंदों में 181 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 21 चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनके साथी सलामी बल्लेबाज अर्शिन कुलकर्णी ने भी 140 गेंदों में 186 रन बनाए, जिसमें 33 चौके और चार छक्के शामिल थे। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 305 रनों की विशाल साझेदारी की।
शॉ के आउट होने के बाद विवाद हुआः
हालांकि, विवाद तब शुरू हुआ जब शॉ 74वें ओवर में मुशीर खान की गेंद पर स्क्वायर लेग बाउंड्री पर इरफान उमैर के हाथों कैच आउट होकर पवेलियन लौटे। उस समय महाराष्ट्र का स्कोर तीन विकेट पर 430 रन था।
पहले मुशीर ने मजाक उड़ायाः
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शॉ के आउट होने के बाद मुशीर ने कथित तौर पर “थैंक यू” कहकर उनका मजाक उड़ाया। इस बात से नाराज शॉ गुस्से में मुशीर की ओर बढ़े और बल्ले से मारने की कोशिश की, हालांकि मुशीर आगे निकल चुके थे, ऐसे में उन्हें बल्ला नहीं लगा। उसके बाद शॉ ने मुशीर का कॉलर पकड़ने की कोशिश की। अंपायर और बाकी खिलाड़ियों ने शॉ को रोका।
इसके बाद जब पृथ्वी शॉ ड्रेसिंग रूम की तरफ वापस आ रहे थे तब उनकी सिद्धेश लाड से भी बहस हो गई थी। फिर अंपायर को बीच बचाव के लिए बीच में आना पड़ा।








