U19 World Cup में पाकिस्तान को बड़ा झटका, भारत के खिलाफ मैच से पहले स्टार खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर

3 Min Read

U19 World Cup

नई दिल्ली, एजेंसियां। अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महा मुकाबले से ठीक एक दिन पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद शयान चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है। भारत और पाकिस्तान के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला रविवार, 1 फरवरी को जिम्बाब्वे के बुलावायो स्थित क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाना है।

PCB की ओर से जारी बयान के अनुसार

PCB की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मोहम्मद शयान एक सीनारियो-बेस्ड प्रैक्टिस मैच के दौरान विकेटकीपिंग करते समय तेज गेंदबाज की गेंद नाक पर लगने से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां एक्स-रे में नाक में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। बोर्ड ने बताया कि शयान की जगह जल्द ही रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के नाम का ऐलान किया जाएगा।

इस खिलाड़ी के बाहर होने से पाकिस्तानी टीम को बड़ा नुकसान

भारत के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले मोहम्मद शयान का बाहर होना पाकिस्तान टीम के लिए किसी बड़े नुकसान से कम नहीं है। शयान न सिर्फ टीम के नियमित विकेटकीपर थे, बल्कि निचले क्रम में उपयोगी रन भी बना रहे थे, जिससे टीम का संतुलन मजबूत बना हुआ था।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का प्रदर्शन अब तक शानदार

मौजूदा अंडर-19 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। टीम को हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद पाकिस्तान ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर जबरदस्त वापसी की। अपने पिछले मैच में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था, जिससे टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है।

पाकिस्तान का अगला मुकाबला भारत से

अब पाकिस्तान का अगला मुकाबला भारत से है, जो सेमीफाइनल से पहले वर्चुअल नॉकआउट जैसा माना जा रहा है। इस मैच में जीत हासिल करने वाली टीम को सीधे सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा। भारत के लिए यह समीकरण आसान है, क्योंकि उसे सिर्फ जीत दर्ज करनी है, जबकि पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए न केवल जीत हासिल करनी होगी बल्कि नेट रन रेट में भी सुधार करना होगा, यानी उन्हें बड़ी जीत दर्ज करनी पड़ेगी।

गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड की टीमें पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। ऐसे में सेमीफाइनल की एकमात्र बची सीट के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक और निर्णायक होने वाला है।

Share This Article