कोलकाता ने दिल्ली को 106 रन से हराया
वाइजैग, एजेंसियां। IPL 2024 के 16वें मैच में इस सीजन का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर कोलकाता नाइट राइडर्स ने बनाया।
इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने 277 रनों का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था। दिल्ली कैपिटल के विरुद्ध कोलकाता के लिए सुनील नरेन ने मात्र 39 गेंदों में 7 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 85 रन ठोक डाले।
नरेन की इस पारी की मदद से केकेआर ने 7 विकेट पर 272 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में दिल्ली महज 166 रन ही बना सकी। इस मैच को कोलकाता ने 106 रन से जीत लिया।
सुनील नरेन की विस्फोटक पारी की चर्चा तो हो रही है, लेकिन इस खास पारी के बावजूद एक और बल्लेबाज महफिल लूट ले गया।
वह बल्लेबाज है आईपीएल में डेब्यू करने वाला केकेआर का अंगकृश रघुवंशी। 18 साल के रघुवंशी ने अपने पहले ही मैच मैच में दिल्ली कैपिटल के दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ मात्र 25 गेंदों में 54 रन ठोंक डाले।
इसमें 5 चौके और 3 छक्के भी शामिल हैं। इस युवा बल्लेबाज की बल्लेबाजी की हर तरफ तारीफ हो रही है।
खुद केकेआर के मालिक शाहरूख खान भी रघुवंशी की बल्लेबाजी के मुरीद हो गये। शाहरुख खान रघुवंशी की पारी के दौरान स्टेडियम में खड़े होकर तालियां बजाते हुए नजर आये।
सोशल मीडिया पर शाहरुख खान की कई तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रही है।
बता दें की अंगकृश रघुवंशी खेलों से जुड़े परिवार से ताल्लुक रखते हैं। रघुवंशी के माता-पिता भी भारतीय टीम की तरफ से बास्केटबॉल खेल चुके हैं।
दिल्ली में जन्मे रघुवंशी 11 साल की उम्र में जब मुम्बई गये तब वहां उनकी मुलाकात भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी अभिषेक नायर से हुई।
नायर ने उन्हें क्रिकेट की ट्रेनिंग दी है। अभिषेक नायर उन्हें अपने बेटे की तरह मानते हैं। बता दें कि अभिषेक नायर बतौर बल्लेबाजी कोच कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े हुए हैं।
इसे भी पढ़ें
झारखंड में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी, बाहर निकलने से पहले बरते सुरक्षा









