Sanju Samson
नई दिल्ली, एजेंसियां। टी20 विश्व कप 2026 के हीरो बने भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को उनके गृह राज्य केरल में भव्य सम्मान मिलने जा रहा है। राज्य के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने घोषणा की कि सैमसन का राज्य सरकार की ओर से विशेष स्वागत और सम्मान किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सैमसन की सफलता पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है और उनकी उपलब्धि ने हजारों युवा क्रिकेटरों को प्रेरित किया है। यह सम्मान समारोह राजधानी तिरुवनंतपुरम में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। भारत की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया
टी20 विश्व कप 2026 में भारत की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। हालांकि शुरुआत में सैमसन ग्रुप स्टेज के केवल एक मैच में ही खेले थे, लेकिन सुपर-8 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 15 गेंदों पर 24 रन की पारी से उन्होंने अपनी वापसी की नींव रखी। इसके बाद नॉकआउट मुकाबलों में सैमसन ने धमाकेदार प्रदर्शन किया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन की पारी खेली
वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में उन्होंने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन की पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। फिर सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 42 गेंदों पर 89 रन बनाए। फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई। इस प्रदर्शन के चलते सैमसन टूर्नामेंट के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुने गए।संजू सैमसन ने पूरे टूर्नामेंट में कुल 321 रन बनाए और भारत की ओर से एक टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। भारत इस जीत के साथ तीसरी बार टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गया।
सैमसन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद सैमसन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने अपनी पत्नी के लिए लिखा कि जिस दिन से वे मिले हैं, तब से लेकर आज तक उनकी पत्नी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रही। कठिन समय में भी उन्होंने सैमसन का विश्वास नहीं तोड़ा और हमेशा उनका समर्थन किया। सैमसन ने लिखा कि जिस जुनून और सपनों के साथ उन्होंने इस पल की कल्पना की थी, वह आज सच हो गया है और इसके लिए वे अपनी पत्नी के आभारी हैं।
संजू सैमसन की यह उपलब्धि न केवल उनके करियर के लिए बल्कि पूरे भारत के क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व का पल है। केरल सरकार द्वारा मिलने वाला सम्मान उनकी मेहनत और देश के लिए योगदान का प्रतीक बनेगा।








