IPL- हैदराबाद से फिर हारी दिल्ली

2 Min Read

नई दिल्ली, एजेंसियां। सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में लगातार चौथी जीत हासिल की है। टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 35वें लीग मैच में 67 रन से हराया। इस जीत से सनराइजर्स पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर आ गई है।  जबकि, दिल्ली एक पायदान नीचे 7वें स्थान पर पहुंच गई है।

अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार को दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। हैदराबाद ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 266 रन बनाए। टीम ने सीजन में तीसरी बार 250 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली की टीम 19.1 ओवर में 199 रन पर ऑलआउट हो गई। ट्रैविस हेड प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने 32 बॉल पर 89 रन की पारी खेली। हेड की पारी में 11 चौके और 6 छक्के शामिल रहे।

टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी हैदराबाद के ओपनर ट्रैविस हेड ने 32 बॉल पर 89 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 12 बॉल पर 46 रन की पारी खेली। दोनों के बीच 131 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। बाद में शाहबाज अहमद ने नाबाद 59 और नितिश कुमार रेड्डी ने 37 रन बनाए। दिल्ली से कुलदीप यादव ने चार विकेट झटके। अक्षर पटेल को एक सफलता मिली।

रन चेज में दिल्ली की ओर से जैक फ्रेजर-मैगर्क ने 18 बॉल पर 65 रन बनाए, जबकि कप्तान ऋषभ पंत ने 35 बॉल पर 44 रन और अभिषेक पोरेल ने 22 बॉल पर 42 रन का योगदान दिया। SRH के टी नटराजन ने 4 विकेट झटके। नितिश रेड्‌डी और मयंक मारकंडे को 2 विकेट मिले। 

इसे भी पढ़ें

केजरीवाल ने गिरफ्तारी से महीनों पहले इंसुलिन लेना बंद कर दिया था: तिहाड़ प्रशासन की रिपोर्ट

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं