रांची। IPL-2025 में रविवार को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के मैच में झारखंड के एक खिलाड़ी राबिन मिंज का डेब्यू हुआ। इसके साथ ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पटल पर झारखंड के एक और सितारे के चमकने की संभावना प्रबल हो गई है। हालांकि इस आइपीएल में राबिन मिंज अकेले ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं, जो झारखंड का झंडा बुलंद कर रहे हैं, बल्कि क्रिकेट के मैदान से लेकर कमेंट्री बॉक्स तक झारखंड की प्रतिभाएं चमक बिखेर रही हैं।
इस बार आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी के अलावा झारखंड के और चार खिलाड़ी मैदान पर खेलते नजर आएंगे।
झारखंड के ये 5 खिलाड़ी दिखेंगे मैदान परः
रांची के महेंद्र सिंह धोनी पहले ही देश-विदेश में ख्याति बटोर चुके हैं और मैदान पर उनकी एक झलक के फैंस बेताब रहते हैं। एक तरह से कहें, तो धोनी आइपीएल के सबसे बड़े सितारे हैं, जो वर्षों से झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
पिछले साल 24 और 25 नवंबर 2024 को सऊदी अरब के जेद्दा में ‘आईपीएल 2025 का मेगा ऑक्शन’ आयोजित किया गया था, जिसमें झारखंड के कुल 8 खिलाड़ियों पर बोली लगी थी। इन खिलाड़ियों में ईशान किशन, विराट सिंह, कुमार कुशाग्र, रॉबिन मिंज, अनुकूल रॉय, उत्कर्ष सिंह, सुशांत मिश्रा और रवि यादव शामिल थे। हालांकि, फ्रेंचाइजियों ने इनमें से केवल 4 खिलाड़ियों को ही खरीदा। इन चार खिलाड़ियों में ईशान किशन, अनुकूल रॉय, रॉबिन मिंज और कुमार कुशाग्र का नाम शामिल है।
इन पर रहेगी नजरः
विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 11.25 करोड़ रुपये की भारी कीमत में खरीदा है। वहीं, रांची के रॉबिन मिंज को मुंबई इंडियंस और जमशेदपुर के कुमार कुशाग्र को गुजरात टाइटंस ने 65-65 लाख रुपये में खरीदा है। इसके अलावा, ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 40 लाख रुपये में खरीदा है। ये चारों झारखंड के खिलाड़ी इस बार आईपीएल में चमक बिखेरेंगे, जिसकी एक झलक इशान किशन ने दिखा दी है।
इशान किशन ने लगाया IPL-2025 का पहला शतकः
रविवार को ही हैदराबाद और राज्स्थान के मुकाबले में हैदराबाद की ओर से खेलते हुए इशान किशन ने इस सीजन का पहला शतक लगा कर झारखंड का झंडा बुलंद कर दिया। इसके बाद अगले मैच में मुंबई की ओर से राबिन मिंज, तो चेन्नई की ओर से धोनी खेलते नजर आये।
कमेंट्री बॉक्स में भी झारखंडः
मजेदार बात है कि जिस समय धोनी और राबिन मिंज मैदान पर दमखम दिखा रहे थे, उसी समय कमेंट्री बॉक्स में झारखंड के पूर्व तेज गेंदबाज वरूण एरॉन कमेंट्री करते हुए अपने राज्य के खिलाड़ियों के कसीदे गढ़ रहे थे। उनके अलावा झारखंड-बिहार से खेल चुके सबा करीम में वर्षों से कमेंट्री करते आ रहे हैं। तो कुल मिलाकर कहा जाये, तो इस आइपीएल में झारखंड के सितारों की चमक से पूरा टूर्नामेंट रोशन रहनेवाला है।
इसे भी पढ़ें
IPL का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाकर जीता SRH, चेन्नई ने मुंबई को 4 विकेट से हराया














