अहमदाबाद, एजेंसियां। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के मैच नंबर 17 में पंजाब किंग्स [PBKS] ने एक रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हरा दिया।
गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स को जीत के लिए 200 रनों का लक्ष्य दिया था। इस लक्ष्य को पंजाब ने आखिरी ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेली और और नाबाद 89 रन बना दिये। उन्होंने 48 गेंद की अपनी पारी में 6 चौके और 4 छक्के जड़े।
चोटिल डेविड मिलर की जगह टीम में आए केन विलिमसन ने गिल का अच्छा साथ निभाया और 22 गेंद पर 26 रनों की पारी खेली। तीसरे ओवर में ही गुजरात को पहला झटका ऋद्धिमान साहा के रूप में लगा।
उसके बाद गिल और केन ने मिलकर पारी को आगे बढ़ायी। टॉस के बाद शुभमन गिल ने कहा था कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वह भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। लेकिन वह टॉस हार गए और उनकी टीम को बल्लेबाजी करनी पड़ी।
उन्होंने कहा था कि पिच कठोर है और दोनों पारियों में समान व्यवहार करेगी। गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने कमाल की पारी खेली। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सुदर्शन ने 19 गेंद में 6 चौकों की मदद से 33 रन बना डाले।
राहुल तेवतिया भी गजब के फॉर्म में दिखे। उन्होंने तो 8 गेंद पर 3 चौके और एक छक्का की मदद से 23 रन बनाए। उनकी इस पारी के दम पर ही गुजरात ने पंजाब को 200 रनों का लक्ष्य दिया।
गेंदबाजी की बात करें तो कैगिसो रबाडा सबसे महंगे जरूर साबित हुए, लेकिन उन्होंने अपने चार ओवर में 44 रन लुटाकर दो विकेट भी चटकाए। हर्षल पटेल और हरप्रीम बरार को एक-एक सफलता मिली।
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ही ओवर में टीम को पहला झटका कप्तान धवन के रूप में लगा। धवन 1 रन बनाकर आउट हो गए। उसके बाद जॉनी बेयरस्टो और प्रभसिमरन सिंह ने पारी को आगे बढ़ाया।
दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। फिर बेयरस्टो आउट हो गए। शशांक सिंह ने 29 गेंद पर 61 रनों की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई।
जितेश शर्मा ने भी 8 गेंद पर 16 रन बनाए। आशुतोष शर्मा ने आग उगला और 17 गेंद पर 31 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी ने टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
इसे भी पढ़ें








