IND vs PAK: वर्ल्ड कप में भारत से भिड़ेगा पाकिस्तान या नहीं? पाक पीएम शहबाज शरीफ का आया बड़ा बयान

3 Min Read

T20 World Cup 2026

नई दिल्ली, एजेंसियां। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले पर सस्पेंस बना हुआ है। पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को इस मैच का बहिष्कार करने का निर्देश दिया है, जिस पर अब पहली बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का आधिकारिक बयान सामने आया है।

भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलने हैं। पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट के लिए वहां पहुंच भी चुकी है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच को लेकर सरकार के फैसले ने विवाद खड़ा कर दिया है।

“हम अपने फैसले पर कायम हैं” – शहबाज शरीफ

इस्लामाबाद में कैबिनेट बैठक के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि उनकी सरकार ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मुकाबला न खेलने का बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा, “क्रिकेट का मैदान क्रिकेट के लिए होना चाहिए, राजनीति के लिए नहीं। हमारा रुख बिल्कुल साफ है, लेकिन भारत पिछले कई वर्षों से क्रिकेट को राजनीति से जोड़ता रहा है।”

हालांकि शहबाज शरीफ की अगुवाई वाली सरकार ने पाकिस्तान टीम को श्रीलंका जाकर वर्ल्ड कप खेलने की अनुमति दी है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच पर वह अपने फैसले पर कायम है।

पीसीबी पर मंडरा रहा है आईसीसी कार्रवाई का खतरा

पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अब तक इस मुद्दे पर न तो आईसीसी को कोई आधिकारिक सूचना दी है और न ही सार्वजनिक रूप से कोई बयान दिया है। अगर पाकिस्तान टीम भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार करती है, तो आईसीसी के नियमों के तहत पीसीबी पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।

आईसीसी नियमों के अनुसार

आईसीसी नियमों के अनुसार, कोई भी टीम वैश्विक टूर्नामेंट में चुनिंदा मैच नहीं खेल सकती। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को प्रतिबंध तक का सामना करना पड़ सकता है, जिसका सीधा असर खिलाड़ियों के भविष्य और पाकिस्तान क्रिकेट पर पड़ सकता है।

Share This Article
Exit mobile version