IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मैच होगा! अश्विन का दावा, पाकिस्तान जल्द लेगा यू-टर्न

3 Min Read

IND vs PAK

नई दिल्ली, एजेंसियां। इन दिनों T20 World Cup 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले को लेकर बना सस्पेंस अब और दिलचस्प हो गया है। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि IND vs PAK मुकाबला हर हाल में होगा और पाकिस्तान जल्द ही अपने फैसले से पीछे हटेगा। अश्विन का मानना है कि पाकिस्तान सरकार ने भले ही टीम को वर्ल्ड कप खेलने की अनुमति दी हो, लेकिन भारत के खिलाफ मैच को लेकर जो रोक लगाई गई है, वह ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) इसी सरकारी रुख के चलते भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की बात कर रहा है।

चार-पांच दिन में बदल सकता है फैसला

अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अश्विन ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि पाकिस्तान चार-पांच दिनों के भीतर यू-टर्न लेगा और 15 फरवरी को प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान मुकाबला तय समय पर खेला जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि अगर यह मैच नहीं हुआ तो इसका सबसे बड़ा नुकसान पाकिस्तान को ही उठाना पड़ेगा।

ICC और ब्रॉडकास्टर्स का दबाव

अश्विन के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान मैच न होने की स्थिति में ICC और ब्रॉडकास्टर्स को भारी आर्थिक नुकसान होगा। इसका असर बाकी फुल मेंबर देशों पर भी पड़ेगा। ऐसे में ICC की बैठकों में यह मुद्दा जोर-शोर से उठेगा और पाकिस्तान पर दबाव बढ़ेगा।

PSL पर भी पड़ सकता है असर

अश्विन ने चेतावनी दी कि भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने से सिर्फ रेवेन्यू ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) भी खतरे में पड़ सकती है। ICC विदेशी खिलाड़ियों के NOC रद्द कर सकता है, जिससे PSL की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। अश्विन ने यह भी याद दिलाया कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए हाइब्रिड मॉडल पहले से तय है, जिसे ICC, BCCI और PCB तीनों ने मंजूरी दी है। भारत और पाकिस्तान न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेंगे, ऐसे में वेन्यू को लेकर किसी तरह का बहाना नहीं बनता।

पाकिस्तान का वर्ल्ड कप शेड्यूल

पाकिस्तान अपना वर्ल्ड कप अभियान 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ शुरू करेगा। इससे पहले आज वह आयरलैंड के खिलाफ अपना इकलौता वॉर्म-अप मुकाबला कोलंबो के सिंगलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेलेगा।

Share This Article