T20 World Cup
नई दिल्ली, एजेंसियां। T20 World Cup की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है और उससे पहले खेले जा रहे वार्म-अप मुकाबलों ने क्रिकेट फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है। वार्म-अप मैचों के पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले गए, जिसमें अफगानिस्तान, इंडिया ए और इटली ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि स्कॉटलैंड, यूएसए और कनाडा को करारी हार का सामना करना पड़ा।
पहले मुकाबले में अफगानिस्तान ने स्कॉटलैंड को हराया
पहले मुकाबले में अफगानिस्तान ने स्कॉटलैंड को 61 रनों से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-1 पर खेले गए इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 123 रन पर ऑलआउट हो गई। स्कॉटलैंड की ओर से माइकल जोन्स और मैथ्यू क्रॉस ने 21-21 रन बनाए।
दूसरे मुकाबले में इंडिया ने यूएसए को हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में इंडिया ने यूएसए को 38 रनों से मात दी। इंडिया ए ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस मैच के हीरो रहे एन जगदीसन, जिन्होंने 55 गेंदों में 104 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली। जवाब में यूएसए की टीम ने अच्छा प्रयास किया और 19.4 ओवर में 200 रन तक पहुंची, लेकिन जीत से दूर रह गई।
आखिरी मुकाबले में इटली ने कनाडा को हराया
तीसरे और आखिरी मुकाबले में इटली ने रोमांचक मैच में कनाडा को 10 रनों से हराया। एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इटली ने 4 विकेट खोकर 156 रन बनाए। कनाडा की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट पर 146 रन ही बना सकी। कनाडा की ओर से युवराज ने 33 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।वार्म-अप मैचों के पहले दिन के नतीजों ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीमों की तैयारी और फॉर्म की झलक दिखा दी है।











