धर्मशाला। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे मौजूदा टेस्ट सीरीज के आखिरी और पांचवें मैच में रिकार्डों की झड़ी देखने को मिल सकती है।
यशस्वी जायसवाल के अलावा कई खिलाड़ी यहां धांसू रिकॉर्ड बनाते नजर आ सकते हैं। बता दें कि रांची में खेले गए चौथे टेस्ट मुकाबले को जीतकर भारत ने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है।
सीरीज का पांचवां टेस्ट मैच सात मार्च से धर्मशाला में खेला जाएगा। भारतीय टीम की तरफ से सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल अच्छे फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
यशस्वी इस टेस्ट मुकाबले में कई रिकॉर्ड अपने नाम करने के बिल्कुल करीब हैं। यशस्वी जायसवाल के अलावा भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और इंग्लैंड के खिलाड़ी जॉनी बेयरस्टो भी धांसू रिकॉर्ड बना सकते हैं।
टूट सकता है गावस्कर का 53 साल पुराना रिकॉर्ड
यशस्वी जायसवाल ने विशाखापत्तनम में खेले गए टेस्ट मुकाबले में 209 रनों की पारी खेली थी। वही उन्होंने राजकोट टेस्ट की दूसरी पारी में भी दोहरा शतक जड़ा था।
दूसरी पारी में उन्होंने 214 रन बनाए थे। यशस्वी जायसवाल जिस तरह का खेल दिखा रहे हैं, उसे देखकर ये प्रतीत हो रहा है कि धर्मशाला में खेले जाने वाले टेस्ट में वह सुनील गावस्कर का 53 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
बता दें कि महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर किसी एक द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।
गावस्कर ने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू टेस्ट सीरीज में खेलते हुए 4 टेस्ट मैचों में रिकॉर्ड 774 रन (डबल सेंचुरी समेत 4 शतक और तीन अर्धशतक) बनाए थे।
तब गावस्कर का औसत 154.80 का रहा था। यह अब भी किसी टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड है।
इंग्लैंड के साथ खेले जा रहे मौजूदा टेस्ट सीरीज में यशस्वी ने अब तक आठ पारियों में 655 रन बनाए हैं, जिसमें दो दोहरे शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।
इस दौरान यशस्वी का औसत 93.57 का रहा है। यशस्वी ने मौजूदा सीरीज में 63 चौके और 23 छक्के लगाए हैं।
इस तरह यदि यशस्वी बाकी दो पारियों में 120 रन बना लेते हैं, तो वह किसी एक द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय हो जायेंगे।
इसे भी पढ़ें








