हार्दिक का फर्श से अर्श तक का सफर [Hardik’s journey from floor to floor]

4 Min Read

नई दिल्ली। हार्दिक पांड्या का क्रिकेट सफर हमेशा से ही उतार-चढ़ाव से भरा रहा है, लेकिन 2024 का आईपीएल सीजन उनके करियर का सबसे कठिन समय था।

हार्दिक की टीम, मुंबई इंडियंस, इस सीजन में लगातार हार रही थी। हार्दिक का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था।

न तो उनके बल्ले से रन निकल रहे थे और न ही उनसे गेंदबाजी हो रही थी। पहले सीजन में गुजरात जैसी नई टीम को ट्रॉफी जीताने वाले हार्दिक की कप्तानी पर भी सवाल उठने लगे थे।

हर तरफ से लोग उनकी आलोचना कर रहे थे। कई बार मैच के दौरान स्टेडियम में लोगों ने उनके खिलाफ हूटिंग भी की।

दरअसल कई फैंस हार्दिक के आईपीएल में टीम बदलने से नाराज थे। ये पूरा वाक्या तब शुरु होता है जब हार्दिक को 2021 में मुंबई ने ऑक्शन से पहले रिटेन नहीं किया था।

बाद में हार्दिक नई नवेली टीम गुजरात टाइटन्स में शामिल हो गए थे। गुजरात ने उन्हें टीम का कप्तान बनाया।

हार्दिक की कप्तानी में टीम 2022 में पहले ही सीजन में आईपीएल का खिताब जीत गई। इससे क्रिकेट फैंस के बीच पांड्या की साख बढ़ी थी।

इसके बाद पांड्या की ही कप्तानी में गुजरात ने 2023 का फाइनल खेला, हालांकि इसबार गुजरात को सीएसके के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

अब तक हार्दिक और गुजरात के लिये सबकुछ अच्छा चल रहा था। लेकिन अचानक 2024 के आईपीएल ऑक्शन से पहले खबर आई कि हार्दिक गुजरात छोड़ मुंबई में बतौर कप्तान शामिल होंगे।

इससे रोहित शर्मा के अधिकांशतः फैंस भी हार्दिक और मुंबई इंडियंस के मैनेजमेंट से नाराज हो गए थे।

मुंबई के लिये मैच खेलने के दौरान कई बार हार्दिक के खिलाफ हूटिंग भी की गई। हार्दिक के लिये मुसीबत तब बढ़ गई जब मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 में लगातार मैच हारने लगी।

हार्दिक की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 की सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली टीम बन गई। टीम पॉइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर जा पहुंची ।

अब तक हार्दिक की इमेज एक फेज आउट हो चुके ऑल राउंडर और नाकामयाब कप्तान की बनने लगी थी।

लेकिन आईपीएल के बाद, हार्दिक के लिये टी20 वर्ल्ड कप एक सुनहरा मौका बनकर सामने आया।

टी20 विश्व कप 2024 में हार्दिक ने भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई। मैनेजमेंट ने उन्हें बकायदा टीम का वाइस कैप्टन बनाया और इसी के साथ शुरु हुआ हार्दिक की वापसी का खेल।

टी20 वर्ल्ड कप के साथ ही हार्दिक का फॉर्म लौट आया। टी20 विश्व कप के पहले मैच से ही टीम के साथ हार्दिक का खुद का प्रदर्शन भी शानदार रहा।

हार्दिक ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में कुल नौ मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 150 की स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए और कुल 11 विकेट लिये।

बतौर ऑलराउन्डर उन्होंने कई मौकों पर टीम को जीत दिलाई। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में भी हार्दिक का प्रदर्शन बेहतरीन था।

उन्होंने तीन ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट झटके, जिसमें हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर का विकेट शामिल है।

आज हर क्रिकेट फैन के जुबान पर हार्दिक का नाम है। अब कोई उनके खिलाफ हूटिंग नहीं कर रहा।

ना ही लोग उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल कर रहे हैं। वाकई, हार्दिक के लिये मुंबई का कप्तान बनने से लेकर, टी20 विश्व कप विजेता बनने तक का सफर फर्श से अर्श तक का रहा है।

इसे भी पढ़ें

हार्दिक पंड्या की संपत्ति का 70 फीसदी हिस्सा लेंगी नताशा….?

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं