T20 World Cup
नई दिल्ली, एजेंसियां। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इंग्लैंड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इस मेगा टूर्नामेंट के साथ श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए एक ही टीम चुनी है। सबसे चौंकाने वाला फैसला यह रहा कि आईपीएल से दो साल के लिए बैन झेल रहे हैरी ब्रूक को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन फरवरी 2026 में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना है। टीम इंडिया के बाद इंग्लैंड उन प्रमुख टीमों में शामिल हो गया है, जिसने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है।
जोफ्रा आर्चर की वापसी, बटलर–सॉल्ट भी टीम में
इंग्लैंड की टीम में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी हुई है। हालांकि वह केवल टी20 वर्ल्ड कप में खेलेंगे, जबकि ब्राइडन कार्स सिर्फ श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज का हिस्सा होंगे। पूर्व कप्तान जॉस बटलर, फिल साल्ट, सैम करन, विल जैक्स और बेन डकेट जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी टीम में जगह दी गई है।
ग्रुप C में इंग्लैंड, पहला मुकाबला नेपाल से
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड को ग्रुप C में रखा गया है, जहां उसका सामना नेपाल, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और इटली से होगा। इंग्लैंड अपना पहला मैच 8 फरवरी को नेपाल के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगा। ग्रुप में वेस्टइंडीज को इंग्लैंड का सबसे बड़ा चुनौतीपूर्ण प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा है।
आईपीएल बैन के बावजूद कप्तानी
गौरतलब है कि हैरी ब्रूक को पिछले साल आईपीएल में चुने जाने के बाद ऐन वक्त पर नाम वापस लेने के कारण बीसीसीआई ने दो साल के लिए आईपीएल से बैन कर दिया था। इसके बावजूद ECB ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए कप्तान बनाया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इंग्लैंड की टीम
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जॉस बटलर, ब्राइडन कार्स, सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टोंग और ल्यूक वुड।
