T20 World Cup
कोलंबो, एजेंसियां। इंग्लैंड टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। टीम ने मंगलवार को ग्रुप-2 में पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया और नॉकआउट राउंड में एंट्री की। 2010 और 2022 की चैंपियन टीम ने लगातार पांचवें एडिशन के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पाकिस्तान अब दूसरों के भरोसे
दूसरी ओर पाकिस्तान सुपर-8 स्टेज में एक भी मैच नहीं जीत सका। टीम को अब क्वालिफाई करने के लिए श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच जीतने के साथ न्यूजीलैंड के हारने की दुआ भी करनी होगी।
कप्तान ब्रूक ने ठोका शतक
कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में इंग्लैंड ने 165 रन का टारगेट 19.1 ओवर में 8 विकेट पर चेज कर लिया। जोफ्रा आर्चर ने सलमान मिर्जा की बॉल पर चौका मारकर जीत दिलाई।
कप्तान हैरी ब्रूक ने 51 गेंद पर 100 रन की पारी खेली। इसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। विल जैक्स ने नाबाद 28 रन बनाए। शाहीन शाह अफरीदी ने 4 विकेट झटके। उस्मान तारिक को दो विकेट मिले।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी
इससे पहले टॉस जीतकर बैटिंग कर रही पाकिस्तानी टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 164 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने 63 रनों की पारी खेली। जबकि बाबर आजम और फखर जमान ने 25-25 रन का योगदान दिया।
इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने 3 विकेट झटके। जोफ्रा आर्चर और जैमी ओवरटन को 2-2 विकेट मिले। आदिल रशीद को एक विकेट मिला। एक बैटर रनआउट हुए।








