Dinesh Kartik
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेट कीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक मैदान से बाहर अब एक नई भूमिका में धमाल मचाने जा रहे हैं। IPL में कोचिंग का अनुभव हासिल करने के बाद अब कार्तिक ने इंग्लैंड की मशहूर फ्रेंचाइजी लीग द हंड्रेड में भी कदम रख दिया है। उन्हें टूर्नामेंट की टीम लंदन स्पिरिट ने अपना मेंटर और बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि टी20 और छोटे प्रारूप में कार्तिक का अनुभव टीम के लिए “अमूल्य” साबित होगा।
लंदन स्पिरिट के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने कहा कि दिनेश कार्तिक का फ्रेंचाइजी से जुड़ना टीम के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कार्तिक फ्रेंचाइजी क्रिकेट को समझते हैं, कई वैश्विक लीग खेल चुके हैं और उनकी क्रिकेट समझ युवा खिलाड़ियों को मजबूत बनाएगी।
कार्तिक की शानदार यात्रा: खिलाड़ी से वैश्विक कोच तक
दिनेश कार्तिक ने IPL 2024 के बाद घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। इसके बावजूद वे दुनिया की अन्य लीगों में बतौर खिलाड़ी सक्रिय हैं। फिलहाल वे यूएई की ILT20 में शारजाह वॉरियर्स के लिए खेलते हैं, जबकि SA20 लीग में पार्ल रॉयल्स का हिस्सा रह चुके हैं। अपने करियर में कार्तिक ने 26 टेस्ट, 94 वनडे और 60 टी20 इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।IPL में वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कोचिंग स्टाफ में शामिल हैं और अब उनकी कोचिंग जर्नी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए मुकाम पर पहुंच गई है।
कार्तिक के लिए खास है लॉर्ड्स
“लॉर्ड्स में काम करना मेरे लिए सपना सच होने जैसा है। यही वह मैदान है जहां मैंने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू और आखिरी टेस्ट मैच खेला। यह मेरे दिल के बेहद करीब है।”उन्होंने टीम के खिलाड़ियों के साथ काम करने और आगामी सीजन के लिए अपनी योजनाओं को लेकर भी उत्साह जताया।दिनेश कार्तिक के कोचिंग करियर का यह नया अध्याय भारतीय क्रिकेटरों द्वारा अंतरराष्ट्रीय फ्रेंचाइजी लीग्स में बढ़ते प्रभाव का एक और उदाहरण है।






