क्रिकेट प्रेमियों ने अपने पसंदीदा सितारों का किया दीदार
शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल का दिखा क्रेज
रांची। रांची क्रिकेट फीवर में तपने लगी है। क्रिकेट प्रेमी मैच को लेकर उतावले हैं। 23 फरवरी से होने वाले टेस्ट मैच के लिए भारत और इंग्लैंड की क्रिकेट टीम रांची पहुंच चुकी है।
उनके आगमन को लेकर क्रिकेट प्रेमी घंटों पहले से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भारी संख्या में मौजूद थे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खिलाडि़यों के पहुंचने से पहले रांची पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रखे थे।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के उतरते ही प्रशंसकों ने दोनों टीमों का स्वागत किया और हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।
वहीं कई खिलाड़ियों ने भी अपना हाथ हिलाकर फैंस को धन्यवाद दिया। क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने खिलाड़ियों के निकलने के लिए विशेष गेट का इंतजाम किया।
इस गेट के दोनों तरफ लोहे की बैरेकेडिंग लगा दी गई थी। इसके बावजूद जो लोग अपनी फ्लाइट पकड़ने के लिए रांची एयरपोर्ट पहुंचे थे, वे भी अपने मनपसंद खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ में शामिल हो गए थे।
वहीं कई प्रशंसकों ने बस में बैठे खिलाड़ियों का नाम लेकर उनकी तरफ इशारा किया और हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया।
वहीं सुरक्षा के मद्देनजर खिलाड़ियों को सीधा बस में बैठाया गया और उसके बाद उन्हें रेडिएशन ब्लू होटल ले जाया गया।
रांची के जेएससीए क्रिकेट स्टेडियम में 23 फरवरी से 27 फरवरी तक टेस्ट क्रिकेट मैच का आयोजन होगा। रांची में सभी खिलाड़ी आगामी 7 दिनों तक रुकेंगे।
21 और 22 फरवरी को दोनों टीमों के खिलाड़ियों का प्रैक्टिस सेशन चलेगा। वहीं टेस्ट मैच को लेकर जिला प्रशासन और JSCA की ओर से सारे इंतजाम कर लिए गए हैं।
स्टेडियम में दर्शकों के लिए भी कई नए इंतजाम किए गए हैं। जिससे ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग स्टेडियम आकर टेस्ट क्रिकेट का आनंद उठा सकें।
इसे भी पढ़ें









