BJP विधायक श्रेयसी सिंह पेरिस ओलंपिक में साधेंगी निशाना; पहली खिलाड़ी बन कर बढ़ाया बिहार का मान [BJP MLA Shreyasi Singh will participate in Paris Olympics]

2 Min Read

पटना, एजेंसियां। बिहार के जमुई की भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह पेरिस ओलंपिक में निशाना लगाती नजर आयेगीं। श्रेयसी का चयन पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय निशानेबाजी टीम में हुआ है।

राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली श्रेयसी सिंह पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. दिग्विजय सिंह की बेटी है। श्रेयसी की मां पुतुल सिंह भी सांसद रही हैं।

इस कड़ी को श्रेयसी सिंह ने आगे बढ़ाया है। अब श्रेयसी राजनीति के साथ खेल के मैदान में भी अपना जलवा जारी रखेंगी।

बता दें कि श्रेयसी सिंह ओलंपिक में भाग लेने वाली बिहार की पहली खिलाड़ी होंगी।

21 सदस्यीय भारतीय निशानेबाजी दल में शामिल हैं श्रेयसी

अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएफएसएफ) ने पेरिस ओलंपिक के लिए जिस 21 सदस्यीय भारतीय निशानेबाजी टीम का चयन किया है, उसमें श्रेयसी सिंह भी शामिल हैं।

श्रेयसी सिंह ग्लासगो में हुए 2014 राष्ट्रमण्डल खेलों की निशानेबाज़ी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीत चुकी हैं।

इतना ही नहीं 2014 एशियाई खेलों में इंचियोन में डबल ट्रैप टीम स्पर्धा में शगुन चौधरी और वर्षा वर्मन के साथ कांस्य पदक भी जीता है।

श्रेयसी ने 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता था। श्रेयसी खेलों के साथ अब राजनीति में भी कदम रख चुकी हैं।

2020 में राजनीति में प्रवेश करने के बाद उन्होंने जमुई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता था। श्रेयसी सिंह ने राजद के विजय प्रकाश यादव को 41 हजार वोटों से हराकर विधानसभा का चुनाव जीता था।

इसे भी पढ़ें

पलक गुलिया ने पेरिस ओलंपिक का 20वां कोटा हासिल किया

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं