Team India U19 Champion: भारतीय अंडर-19 चैंपियंस पर पैसों की बारिश, BCCI देगा 7.5 करोड़ का नकद इनाम

2 Min Read

Team India U19 Champion

नई दिल्ली, एजेंसियां। इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम पर बीसीसीआई ने इनामों की बारिश कर दी है। बोर्ड ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयन समिति के लिए कुल 7.5 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार का एलान किया है।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली टीम को यह पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, तकनीकी स्टाफ और चयन समिति के बीच राशि के बंटवारे का विवरण जल्द तय किया जाएगा, हालांकि कुल इनाम राशि 7.5 करोड़ रुपये ही रहेगी।

फाइनल में भारत का शानदार प्रदर्शन

हरारे में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से करारी शिकस्त दी। महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने शतक जड़कर जीत की मजबूत नींव रखी। कप्तान आयुष म्हात्रे ने 53 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू ने 40 रनों का अहम योगदान दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 311 रन पर सिमट गई, हालांकि कालेब फाल्कनर ने 115 रन की पारी खेली।

पुरुष और महिला दोनों खिताब भारत के नाम

इस जीत के साथ भारत के पास अंडर-19 पुरुष और महिला, दोनों विश्व कप ट्रॉफियां हैं। इससे पहले निकी प्रसाद की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने अंडर-19 टी20 विश्व कप 2025 का खिताब जीता था। इसे भारतीय क्रिकेट की मजबूत जमीनी संरचना और प्रतिभा विकास प्रणाली का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।

बीसीसीआई सचिव ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता मजबूत घरेलू ढांचे, बेहतरीन कोचिंग और प्रतिभा पहचान प्रक्रिया का नतीजा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट की नींव और मजबूत होगी।

Share This Article