Cameron Green IPL 2026: 25.20 करोड़ में बिके, लेकिन खाते में आएंगे सिर्फ 18 करोड़

2 Min Read

Cameron Green IPL 2026

अबू धाबी, एजेंसियां। आईपीएल 2026 ऑक्शन में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल रहे। अबू धाबी में हुए ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा। हालांकि, नए आईपीएल नियमों के तहत ग्रीन को पूरी रकम नहीं मिलेगी। अधिकतम विदेशी खिलाड़ी सैलरी सीमा के कारण उनकी सैलरी से 7.20 करोड़ रुपये काट लिए जाएंगे और उन्हें कुल 18 करोड़ रुपये ही मिलेंगे।

नया नियम क्या कहता है?

आईपीएल 2026 से विदेशी खिलाड़ियों के लिए अधिकतम सैलरी कैप तय की गई है। भले ही फ्रेंचाइजी कितनी भी ऊंची बोली लगाए, खिलाड़ी को तय सीमा से ज्यादा भुगतान नहीं किया जा सकता। कैमरून ग्रीन के मामले में यह सीमा 18 करोड़ रुपये है।
हालांकि, यह कटौती फ्रेंचाइजी को कोई फायदा नहीं पहुंचाती। केकेआर के पर्स से पूरी 25.20 करोड़ रुपये की राशि ही घटेगी।

कटे हुए 7.20 करोड़ जाएंगे कहां?

ग्रीन की सैलरी से कटे 7.20 करोड़ रुपये बीसीसीआई के पास जाएंगे। इस राशि का उपयोग बीसीसीआई के प्लेयर वेलफेयर प्रोग्राम्स में किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों की स्वास्थ्य सुविधाएं, बीमा, रिटायरमेंट योजनाएं और घरेलू क्रिकेट से जुड़े कल्याणकारी कार्यक्रम शामिल हैं।

ऑक्शन में कैसी रही टक्कर?

कैमरून ग्रीन को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच जबरदस्त बोली लगी। सीएसके ने बोली को 25 करोड़ तक पहुंचाया, लेकिन केकेआर ने 25.20 करोड़ की आखिरी बोली लगाकर उन्हें अपने पाले में कर लिया।

कैमरून ग्रीन का आईपीएल करियर

26 वर्षीय कैमरून ग्रीन ने आईपीएल डेब्यू 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए किया था, जहां उन्होंने 16 मैचों में 452 रन और 6 विकेट लिए। 2024 में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेले और 13 मैचों में 255 रन व 10 विकेट झटके। अब आईपीएल 2026 में वह केकेआर के लिए खेलते नजर आएंगे।

Share This Article