रांची। रांची जिला के सिल्ली में 2006 में फुटबॉल स्टेडियम बनाया गया था। लेकिन इसमें अभी तक स्टेडियम मैनेजर की नियुक्ति नहीं हो सकी है। सिल्ली विधायक अमित महतो ने झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान इससे संबंधित सवाल पूछा था। उन्होंने स्टेडियम में सिंथेटिक टर्फ लगे होने के बावजूद इस स्टेडियम की समुचित रख-रखाव के लिए स्टेडियम मैनेजर की कमी और फुटबॉल प्रशिक्षक के भी नहीं रहने और प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने की जानकारी मांगी थी।
इस सवाल के जवाब में पर्यटन, खेलकूद विभाग की ओर से बताया गया कि झारखंड खेल प्राधिकरण के कार्यालय आदेश संख्या 14 के द्वारा स्टेडियम में अस्थायी रूप में स्टेडियम मैनेजर को नियुक्त किया गया था। लेकिन 2023 में खूंटी के हॉकी स्टेडियम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता व स्टेडियम के रख-रखाव को देखते हुए स्टेडियम मैनेजर का तबादला कर दिया गया था। वर्तमान में सिल्ली में स्टेडियम मैनेजर और प्रशिक्षक पदस्थापित नहीं है।
हालांकि मैनेजर जल्द ही उपलब्ध करा दिया जायेगा। स्टेडियम में आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने को जिला संचालन समिति से अनुशंसा प्राप्त है। इसके आलोक में फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने और फुटबॉल प्रशिक्षक की नियुक्ति की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
इसे भी पढ़ें
पटना में 100 एकड़ में बनेगा भव्य स्टेडियम, 22 खेलों का होगा आयोजन
