रांची। शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन ने अपनी देवरानी कल्पना मुर्मू सोरेन पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कल्पना पर गुरुजी की सेहत के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया है।
सीता सोरेन ने कहा है कि शिबू सोरेन की तबीयत नासाज रहती है, बावजूद इसके उन्हें रैलियों और सभाओं में शामिल किया जा रहा है। कड़ी धूप में उनको संबोधन के लिए मजबूर किया जा रहा है।
सीता सोरेन ने कहा कि चिलचिलाती धूप में बाबा (शिबू सोरेन) को रैलियों में ले जाया गया। उनको बिठा कर रखा। उन्होंने कहा कि विपक्ष सत्ता की खातिर कुछ भी कर सकता है।
बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब सीता सोरेन और कल्पना मुर्मू सोरेन के बीच जुबानी जंग हुई है। इससे पहले जब सीता सोरेन ने बीजेपी ज्वॉइन की थी तो उन्होंने कल्पना मुर्मू सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर शिबू सोरेन की विरासत को धूमिल करने का आरोप लगाया था।
सीता सोरेन ने यह भी कहा था कि पार्टी और परिवार के भीतर कुछ लोगों ने उनके पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की मेहनत को हाईजैक करने का प्रयास किया है।
बदले में कल्पना मुर्मू सोरेन ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के साथ पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तस्वीर शेयर कर उन्हें अभिभावक तुल्य बताया था।
कहा था कि उन्होंने हमेशा मार्गदर्शन किया। जवाब में सीता सोरेन की बड़ी बेटी जयश्री सोरेन ने कल्पना मुर्मू सोरेन पर उनके पिता का नाम इस्तेमाल नहीं करने की नसीहत दी थी।
इसे भी पढ़ें