OnePlus smartphones
नई दिल्ली, एजेंसियां। स्मार्टफोन बाजार में चल रही चर्चाओं के बीच OnePlus को लेकर सोशल मीडिया पर एक बड़ी अफवाह तेजी से फैल गई थी। दावा किया जा रहा था कि OnePlus भारत में अपना कारोबार बंद करने जा रही है। अब इन खबरों पर कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है।
OnePlus ने इन दावों को पूरी तरह बेबुनियाद और गलत बताया है। कंपनी का कहना है कि भारत में उसके सभी ऑपरेशन पहले की तरह सामान्य रूप से चल रहे हैं और देश से बाहर जाने या बिजनेस बंद करने की कोई योजना नहीं है। साफ शब्दों में कहा गया है कि भारत में OnePlus के स्मार्टफोन बंद नहीं हो रहे हैं।
अफवाहों पर OnePlus का आधिकारिक बयान
21 जनवरी को जारी बयान में OnePlus ने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर फैल रही खबरें अपुष्ट और भ्रामक हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया कि भारत में उसका बिजनेस बिना किसी रुकावट के जारी है। ग्राहकों और पार्टनर्स से अफवाहों पर भरोसा न करने और केवल आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लेने की अपील की गई है।

India CEO ने भी किया खंडन
इन अटकलों पर OnePlus इंडिया के CEO Robin Liu ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि OnePlus इंडिया पूरी तरह सामान्य रूप से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं और लोग आधिकारिक अपडेट पर ही भरोसा करें। उनका यह बयान ग्राहकों और बिजनेस पार्टनर्स के लिए भरोसे का संदेश माना जा रहा है।
क्यों फैलीं बंद होने की अफवाहें
पिछले कुछ समय से भारत का स्मार्टफोन बाजार कड़ी प्रतिस्पर्धा और सुस्त मांग के दौर से गुजर रहा है। कई कंपनियां लागत घटाने, बिजनेस मॉडल बदलने और स्ट्रक्चर रिअलाइनमेंट पर काम कर रही हैं। इसी माहौल में OnePlus को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे। हालांकि कंपनी ने साफ कर दिया है कि भारत जैसे बड़े और रणनीतिक बाजार से बाहर जाने का सवाल ही नहीं उठता।
Oppo और BBK से कनेक्शन
OnePlus की स्थापना 2013 में हुई थी। कंपनी लंबे समय से Oppo के साथ निवेश और सप्लाई चेन साझा करती रही है, जो पहले BBK Electronics के तहत आती थीं। साल 2021 में OnePlus ने R&D और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में Oppo के साथ इंटीग्रेशन किया था, हालांकि ब्रांड की पहचान अलग रखी गई। विशेषज्ञ इसे स्मार्टफोन इंडस्ट्री में चल रही कंसोलिडेशन प्रक्रिया का हिस्सा मानते हैं।








