iPhone 17 Pro Max
नई दिल्ली, एजेंसियां। iPhone 17 Pro Max को पिछले साल सितंबर में Apple Inc. ने लॉन्च किया था। शानदार कैमरा, दमदार प्रोसेसर और प्रीमियम डिजाइन के चलते यह 2025 के अंत तक साल का चौथा सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन बन गया। हालांकि अब इस फोन से जुड़ी एक दिलचस्प ट्रेंड सामने आई है—लोग इसे पसंद करने के बावजूद बड़ी संख्या में बेच रहे हैं।
हाल के दिनों में रीसेल प्लेटफॉर्म्स पर लगभग नई कंडीशन वाले iPhone 17 Pro Max की लिस्टिंग तेजी से बढ़ी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी मुख्य वजह फोन की मजबूत रीसेल वैल्यू है। लॉन्च के कई महीनों बाद भी इस मॉडल की कीमत में अपेक्षाकृत कम गिरावट आई है, जिससे यूजर्स को इसे बेचने पर अच्छा रिटर्न मिल रहा है।
रीसेल वैल्यू बना सबसे बड़ा फैक्टर
तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार, iPhone 16 Pro Max की लॉन्चिंग के करीब 145 दिन बाद उसकी मूल कीमत में लगभग 32.5 प्रतिशत की गिरावट आई थी। इसके मुकाबले iPhone 17 Pro Max की कीमत में केवल करीब 25.4 प्रतिशत की कमी देखी गई है। यानी यह मॉडल सेकेंड हैंड मार्केट में भी ज्यादा कीमत दिला रहा है।यही वजह है कि कई यूजर्स इसे ऊंची कीमत पर बेचकर या तो 17 सीरीज के अन्य वेरिएंट की ओर रुख कर रहे हैं या फिर एंड्रॉयड फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स की तरफ जा रहे हैं। कुछ खरीदार ऐसे भी हैं जो नई कीमत की तुलना में थोड़ी कम रकम देकर सेकेंड हैंड डिवाइस खरीदना पसंद कर रहे हैं।
ऐप्पल के लिए क्यों चिंता?
अगर यही ट्रेंड आने वाली iPhone 18 सीरीज के प्रो मॉडल्स के साथ भी जारी रहता है, तो यह ऐप्पल की सेल्स स्ट्रैटेजी को प्रभावित कर सकता है। बड़ी संख्या में रीसेल यूनिट्स मार्केट में उपलब्ध होने से नए डिवाइस की मांग पर असर पड़ सकता है।फिलहाल, iPhone 17 Pro Max की हाई रीसेल वैल्यू इसे बाजार में अलग पहचान दे रही है, लेकिन यह ट्रेंड लंबे समय में कंपनी के लिए अवसर भी साबित हो सकता है और चुनौती भी।







