Results About You
नई दिल्ली, एजेंसियां। अगर आपकी निजी जानकारी—जैसे फोटो, आधार नंबर, पैन कार्ड डिटेल, पता या फोन नंबर—गूगल सर्च पर दिखाई दे रही है, तो अब घबराने की जरूरत नहीं है। गूगल ने यूजर्स की प्राइवेसी को सुरक्षित रखने के लिए एक खास फीचर रोल आउट किया है, जिसकी मदद से आप अपनी संवेदनशील जानकारी को सर्च रिजल्ट से हटाने की रिक्वेस्ट कर सकते हैं। डेटा लीक या ऑनलाइन फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह टूल काफी उपयोगी माना जा रहा है। हैकर्स अक्सर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध निजी जानकारियों का दुरुपयोग कर ठगी को अंजाम देते हैं। ऐसे में गूगल का यह कदम यूजर्स के लिए राहत भरा है।
क्या है ‘Results About You’ फीचर?
गूगल का ‘Results About You’ टूल यूजर्स को यह मॉनिटर करने की सुविधा देता है कि इंटरनेट पर उनकी कौन-कौन सी निजी जानकारियां उपलब्ध हैं। इसके जरिए आप
- अपना नाम
- फोन नंबर
- घर का पता
- ईमेल आईडी
- आधार, पैन या अन्य सरकारी दस्तावेजों की डिटेल
- निजी या आपत्तिजनक फोटो
जैसी जानकारी को सर्च रिजल्ट से हटाने के लिए रिक्वेस्ट कर सकते हैं।
कैसे हटाएं निजी जानकारी?
- अपने फोन में Google ऐप खोलें।
- ऊपर दाईं ओर अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप करें।
- ‘Results About You’ विकल्प चुनें।
- यहां उन जानकारियों को सेलेक्ट करें जिन्हें आप मॉनिटर करना चाहते हैं (जैसे नाम, फोन नंबर, पता आदि)।
- गूगल इंटरनेट पर मौजूद संबंधित डेटा को स्कैन करेगा।
- अगर आपकी निजी जानकारी किसी सर्च रिजल्ट में मिलती है तो आपको नोटिफिकेशन मिलेगा।
- आप एक टैप में उसे हटाने के लिए रिक्वेस्ट भेज सकते हैं।
- रिक्वेस्ट का स्टेटस भी ट्रैक किया जा सकता है।
किन जानकारियों को हटाया जा सकता है?
- आधार और पैन कार्ड डिटेल
- पासपोर्ट नंबर
- बैंकिंग या अन्य संवेदनशील आईडी
- निजी या अश्लील फोटो
- फोन नंबर और घर का पता
गूगल रिक्वेस्ट की समीक्षा के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई करता है।
भारत में कब मिलेगा फीचर?
फिलहाल यह फीचर चुनिंदा देशों में रोल आउट किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे जल्द ही भारत में भी उपलब्ध कराया जाएगा।

















