Ratu Road Flyover: रातू रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन आज करेंगे केंद्रीय मंत्री गडकरी [Union Minister Gadkari will inaugurate Ratu Road flyover today]

0
172
Ad3

Ratu Road Flyover:

रांची। रातू रोड फ्लाईओवर का आज 3 जुलाई को उद्घाटन होगा। इस परियोजना का उद्घाटन केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
500 करोड़ की लागत से बनाः करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से बना यह फ्लाईओवर तकनीकी रूप से आधुनिक है और रांची की यातायात व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है। इसकी लंबाई लगभग 3 किलोमीटर है।

इस फ्लाईओवर के शुरू होने से रोज जाम में फंसने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने बताया कि रातू रोड रांची की लाइफलाइन है, जिससे रोजाना डेढ़ से 2 लाख लोग गुजरते हैं। इनमें स्कूली छात्र, मरीज, ऑफिस कर्मचारी और व्यापारी शामिल हैं। मंत्री ने बताया कि इस रास्ते से हर दिन 300 से ज्यादा एंबुलेंस गुजरती हैं, जो पहले ट्रैफिक जाम में फंसी रहती थीं। अब फ्लाईओवर बनने से मात्र 4-5 मिनट में रास्ता पार किया जा सकेगा, जो पहले 2-3 घंटे लगता था।

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ बोले-सपना पूरा हुआः

मंत्री संजय सेठ ने भावुक होकर बताया कि यह फ्लाईओवर उनके लिए एक सपना था, जो आज साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि बचपन में वह खुद आंदोलन में शामिल रहे हैं और रामविलास पेट्रोल पंप के पास 3 दिन तक अनशन पर भी बैठे थे। उन्होंने इस परियोजना को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। संजय सेठ ने कहा कि आज रातू रोड सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि एक पूरा नगर बन गया है। यहां बाजार, स्कूल, अस्पताल, कोचिंग और दफ्तर हैं।

रोजमर्रा की जिंदगी होगी आसानः

फ्लाईओवर से यहां के लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान होगी और पूरे क्षेत्र के विकास को रफ्तार मिलेगी। गुरुवार को होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ-साथ राज्य के कई मंत्री, विधायक, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल होंगे।

इसे भी पढ़ें

Ratu Road Elevated Flyover: रांची: रातू रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर के उद्घाटन 3 जुलाई को, डीसी ने दिये निर्देश