IAS Vinay Chaubey:
रांची। झारखंड में शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार आइएएस अधिकारी विनय चौबे और तत्कालीन संयुक्त उत्पाद आयुक्त गजेंद्र सिंह को दो दिन के लिए रिमांड पर भेजा जा रहा है। एसीबी की टीम अब इन दोनों से दो दिन तक पूछताछ करेगी। रिमांड की अवधि कल यानी 29 मई को दिन के दस बजे शुरू होकर 31 मई सुबह 10 बजे तक चलेगी। इसके बाद दोनों आरोपियों को फिर से एसीबी कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कि एसीबी की टीम ने एसीबी के स्पेशल जज योगेश कुमार सिंह की अदालत से विनय चौबे और गजेंद्र सिंह के लिए सात दिनों की रिमांड मांगी थी। एसीबी ने रिमांड मांगे जाने का विनय चौबे और गजेंद्र सिंह के अधिवक्ताओं ने विरोध किया था। जिसके बाद कोर्ट ने दो दिनों की रिमांड की मंजूरी दी है।
IAS Vinay Chaubey: शराब घोटाले में अब तक पांच लोग हिरासत में
यहां याद दिला दें कि राज्य में लगभग 38 करोड़ रुपये के शराब घोटाला मामले में एक के बाद एक अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 22 मई की देर रात झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जियाडा) रांची प्रक्षेत्र के रिजनल डॉयरेक्टर और झारखंड राज्य बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेएसबीसीएल) के तत्कालीन जीएम ऑपरेशन एंड फाइनेंस सुधीर कुमार, वर्तमान जीएम फाइनेंस सुधीर कुमार दास और मार्शन कंपनी के प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया था।
इससे पहले आईएएस विनय चौबे और गजेंद्र सिंह को 20 मई को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने विनय चौबे और गजेंद्र सिंह को तीन जून तक (14 दिन) न्यायिक हिरासत में भेजा है। इससे पहले एसीबी ने करीब छह घंटे तक दोनों अधिकारियों से पूछताछ की थी। फिलहाल विनय चौबे रिम्स में भर्ती हैं।
इसे भी पढ़ें