Chhath Puja 2025:
रांची। छठ पूजा 2025 का महापर्व 25 अक्टूबर, शनिवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। रांची और झारखंड के बाजारों में श्रद्धालुओं और व्रतियों की तैयारियों के चलते पहले से ही रौनक बढ़ गई है। थोक बाजारों में फलों की भारी आवक, गन्ने की रिकॉर्ड आपूर्ति और कीमतों में स्थिरता ने व्यापारी और खरीदार दोनों को उत्साहित कर दिया है।
हरमू थोक मंडी में भिन्न भिन्न प्रकार के फल आ चुके है
हरमू थोक मंडी में आंध्रप्रदेश, बंगाल, कश्मीर और महाराष्ट्र से फलों की खेप पहुंच चुकी है। इस वर्ष फलों की कीमतें पिछले साल की तुलना में थोड़ी कम हैं। अगले तीन दिनों में रांची में 70 से अधिक ट्रक फलों की खेप आएगी, जिसमें केले, सेब, संतरा और अन्य फल शामिल हैं। थोक व्यापारी साजिद इस्लाम के अनुसार, बेहतर पैदावार के चलते कीमतों में मामूली गिरावट आई है।
थोक बाजार के दाम (रुपए प्रति किलो):
• सेब: 40–60, संतरा: 40–45, अमरूद: 45–50
• अनार: 60–100, शरीफा: 55–60, अंगूर: 60–70
• केला कांदी (गुच्छा): ₹200 से शुरू
• खुदरा बाजार में दाम:
• सेब: ₹100–180, संतरा: ₹70–80, अमरूद: ₹80–100
• अनार: ₹150–200, केला: ₹60–70 दर्जन, शरीफा: ₹100–130
इस वर्ष करीब 60,000 गन्ने रांची के बाजार में आने की उम्मीद है। फलों की पर्याप्त आपूर्ति से खुदरा कीमतों में स्थिरता का अनुमान है।
छठ पर्व सूर्य उपासना, श्रद्धा और स्वच्छता का प्रतीक है। नहाय-खाय के बाद खरना, संध्या अर्घ्य और फिर उषा अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा। श्रद्धालु घरों और घाटों की सफाई में जुटे हैं, जबकि नगर निगम भी घाटों की मरम्मत और सफाई में तेजी ला रहा है। यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का पर्व है, बल्कि सामूहिक स्वच्छता और अनुशासन का संदेश भी देता है।
इसे भी पढ़ें
नहाय खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, आज व्रती खाती हैं सात्विक भोजन



