Child kidnapping suspicion:
रांची। रांची के पिपरवार थाना क्षेत्र के किचटो स्थित चिरैयाटांड गांव में बच्चा चोरी के संदेह में एक युवक की पिटाई के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान रामगढ़ जिले के रहने वाले करीब 40 वर्षीय रामबली रजवार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह मिर्गी के मरीज थे और इलाज के सिलसिले में बाहर गए थे, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण भटकते हुए गांव पहुंच गए। इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें बच्चा चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया।
इलाज के दौरान युवक की मौत
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रामबली को अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रिम्स रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और छाती पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है।
पिटाई में शामिल लोगों की पहचान शुरू
पुलिस ने बताया कि घटना का वीडियो फुटेज खंगाला जा रहा है और पिटाई में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है। वहीं, परिजन सोशल मीडिया के जरिए घटना की जानकारी मिलने के बाद थाने पहुंचे और रामबली की मौत की खबर सुनकर सदमे में हैं।












