Roshni Khalkho
रांची। रांची नगर निगम चुनाव के बीच मेयर पद की प्रत्याशी रोशनी खलखो आचार संहिता उल्लंघन के आरोपों को लेकर विवादों में आ गई हैं। इस मामले में राज्य निर्वाचन आयोग (EC) में उनके खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत सामने आने के बाद नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी माहौल और गरमा गया है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 4 फरवरी को नामांकन दाखिल करने के दौरान रोशनी खलखो अपने समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में कमिश्नरी गेट तक पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान धार्मिक नारे लगाए गए और भगवा झंडों का इस्तेमाल किया गया, जो आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन माना जा सकता है। शिकायत में कहा गया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान धार्मिक प्रतीकों और भावनाओं का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।
शिकायतकर्ताओं ने आयोग क्या कहा?
यह शिकायत रोशन तिर्की, सुजल विजय आनंद कुजूर और सुजीत कुजूर समेत अन्य लोगों की ओर से राज्य निर्वाचन आयोग को दी गई है। शिकायतकर्ताओं ने आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर प्रत्याशी के नामांकन को रद्द करने की मांग की है। उनका कहना है कि चुनावी नियमों का पालन सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए जरूरी है।इसी बीच वार्ड संख्या 18 से जुड़े एक अन्य मामले में पार्षद प्रत्याशी सोमवित माजी द्वारा कुछ उम्मीदवारों पर लगाए गए आरोपों की प्रशासनिक जांच पूरी हो चुकी है। निर्वाची पदाधिकारी की रिपोर्ट में इन आरोपों को निराधार पाया गया और शिकायत को खारिज कर दिया गया।
फिलहाल रोशनी खलखो से जुड़े मामले में राज्य निर्वाचन आयोग के फैसले का इंतजार किया जा रहा है। आयोग की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।







