RIMS hospital
रांची। राजधानी रांची के रिम्स अस्पताल से मंगलवार सुबह एक बाल कैदी सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। बता दें पेट दर्द की शिकायत के बाद उसे दो दिन पहले बाल सुधार गृह प्रशासन द्वारा रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
चोरी के मामले में पकड़ा गया
पुलिस के अनुसार फरार बाल कैदी खलारी थाना क्षेत्र का निवासी है और चोरी के एक मामले में पकड़ा गया था। लगातार तलाश के बाद उसने चार दिन पहले आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद उसे डूमरदगा स्थित बाल सुधार गृह में रखा गया था।
वॉशरूम जाने के बहाने हुआ फरार
रांची सदर डीसीपी संजीव बेसरा ने बताया कि इलाज के दौरान बाल कैदी वॉशरूम जाने के बहाने सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद अस्पताल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और बाल कैदी की तलाश तेज कर दी गई है।











