Ranchi SUV crush incident
रांची। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित साउथ रेलवे कॉलोनी में दुर्गा मंदिर के पास एक युवक की SUV से कुचलकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज मामले में मृतक का करीबी दोस्त ही आरोपी निकला। पुलिस ने फरार आरोपी को बरही से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार (32) अमरावती कॉलोनी का निवासी है।
चुटिया थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज
मृतक के पिता, सेवानिवृत्त दारोगा रामाश्रय शर्मा ने चुटिया थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, दोनों जमीन कारोबार से जुड़े थे और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। गृह प्रवेश समारोह के दौरान कहासुनी के बाद आरोपी ने गुस्से में आकर धर्मेंद्र पर जानबूझकर SUV चढ़ा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में छह अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने SUV जब्त कर ली है और मामले की जांच जारी है।







