Ranchi Sex Racket: रांची में सेक्स रैकेट का खुलासा, 5 युवतियां समेत 8 गिरफ्तार

3 Min Read

Ranchi Sex Racket:

रांची। राजधानी रांची में पुलिस ने बड़े स्तर पर चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा करते हुए पांच युवतियों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित होटलों में छापेमारी के दौरान की गई। गिरफ्तार आरोपितों में दो एजेंट मंदीन कुमार और पियूष अग्रवाल तथा एक ग्राहक राजवर्धन शामिल हैं। पकड़ी गई पांच युवतियों में से चार कोलकाता से लाई गई थीं, जबकि एक युवती अरगोड़ा क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में संगठित रूप से देह व्यापार का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है।

सबसे होटलों में छापेमारीः

सूचना के आधार पर सबसे पहले चुटिया थाना क्षेत्र के एक होटल में छापेमारी की गई। वहां से तीन युवतियों को बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान युवतियों ने दो एजेंटों के नाम बताए, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाई।

बरियातू से गिरफ्तार हुए दोनों एजेंटः

इसके बाद बरियातू इलाके में छापेमारी कर दोनों एजेंटों को गिरफ्तार किया गया। एजेंटों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपितों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले ही इन युवतियों को कोलकाता से रांची लाया गया था। योजना थी कि होली के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में आयोजित कार्यक्रमों और होली मिलन समारोहों के दौरान इन्हें भेजा जाएगा। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरफ्तार दोनों एजेंट पहले भी कई बार पश्चिम बंगाल से युवतियों को लाकर रांची में अवैध गतिविधियों में शामिल कर चुके हैं।

पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी है और नेटवर्क के विस्तार की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शहर के किन-किन होटलों और लाज में इस तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

होली मिलन समारोह पर नजर रखने का आदेशः

होली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। सिटी एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि जहां-जहां होली मिलन समारोह आयोजित हो रहे हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए।
गश्ती दलों की संख्या बढ़ाने और होटल-लाज में सघन चेकिंग अभियान चलाने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही नशे की हालत में पाए जाने वाले लोगों की मेडिकल जांच कराने तथा शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article