Ranchi Municipal Corporation Elections: प्रचार थमेगा 21 फरवरी को, मतदान और मतगणना की तैयारी पूरी

3 Min Read

Ranchi Municipal Corporation Elections

रांची। रांची नगर निगम चुनाव को लेकर राजधानी का सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। महापौर और पार्षद पद के प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क और प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 फरवरी की शाम चुनाव प्रचार पूरी तरह थम जाएगा। इसके साथ ही प्रशासनिक गतिविधियां और तेज हो जाएंगी तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने की दिशा में अंतिम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

अधिकारियों के अनुसार

जिला प्रशासन ने 21 और 22 फरवरी को पोलिंग पार्टियों को फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना करने की योजना बनाई है। मतदान कर्मियों को ईवीएम, आवश्यक चुनाव सामग्री, सुरक्षा बल और परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। अधिकारियों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

मोरहाबादी मैदान स्थित वाहन कोषांग में चुनाव कार्य के लिए वाहनों का अधिग्रहण कर लिया गया है। जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि मतदान दलों के आवागमन और ईवीएम की सुरक्षित ढुलाई के लिए पर्याप्त संख्या में वाहनों की व्यवस्था की गई है। वाहनों की सूची तैयार कर उन्हें सेक्टरवार आवंटित किया जा रहा है, जिससे मतदान प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के अनुसार

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के अनुसार रांची नगर निगम क्षेत्र के 53 वार्डों में कुल 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 254 बूथ सामान्य, 507 संवेदनशील और 128 अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। लगभग 4000 पुलिसकर्मियों को चुनाव ड्यूटी में लगाया गया है। प्रत्येक बूथ पर पुलिस बल की मौजूदगी के साथ गश्ती दल भी सक्रिय रहेंगे। संवेदनशील इलाकों में मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति, सीसीटीवी निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) की भी व्यवस्था की गई है।

मतदान के बाद 27 फरवरी को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सुकुरहट्टू में मतगणना की जाएगी। प्रशासन ने मतगणना स्थल पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सबसे पहले बुंडू नगर परिषद के परिणाम घोषित किए जाएंगे, इसके बाद रांची नगर निगम के वार्डवार नतीजे जारी होंगे। अब राजधानीवासियों की निगाहें मतदान दिवस और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं, जो शहर की राजनीतिक दिशा तय करेंगे।

Share This Article